
जबलपुर (जय लोक)। नगर कांग्रेस के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने आरोप लगाया है कि मध्य प्रदेश सरकार के संरक्षण में बैठे बिजली विभाग के अधिकारियों ने जनता को अपनी जागीर समझ लिया है। बिल वसूली के नाम पर ऐसा तुगलकी फरमान चल रहा है कि एक ट्रांसफार्मर से जुड़े कुछ घरों का बिल बकाया हो तो पूरे ट्रांसफार्मर की बिजली बंद कर दी जाती है। मतलब जिसने ईमानदारी से बिल भरा, उसे भी बिजली विभाग अपनी मनमानी की सजा देगा!

बिजली विभाग की इस मनमानी के खिलाफ अब जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) जबलपुर सडक़ पर उतरकर आर-पार की लोकतांत्रिक लड़ाई लड़ेगी।
आज कांग्रेसी कार्यकर्ता अधीक्षण अभियंता बिजली कार्यालय, मिशन कंपाउंड में शाम 4 बजे से कांग्रेस प्रदर्शन करने जा रही है। सौरभ शर्मा ने बिजली विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि जबलपुर की जनता को अंधेरे में रखकर अपनी तानाशाही चलाने वालों, याद रखो जबलपुर की जनता जाग चुकी है।

35 ट्रांफमर कल से बंद 40 हजार लोग परेशान
सौरभ शर्मा ने बताया कि बिजली विभाग की गुंडागर्दी के चलते कल सुबह 9 बजे से लगभग 35 ट्रांसफार्मरों की बिजली सप्लाई बंद है। कई क्षेत्रों में अभी तक बिजली चालू नहीं हुई है, जिसके कारण लगभग 40 हजार बिजली उपभोक्ता अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। जनता को परेशान करने वाली इस गुंडागर्दी और तानाशाहीपूर्ण रवैये के खिलाफ कांग्रेस पार्टी आज जोरदार विरोध दर्ज कराएगी।


होगा उग्र आंदोलन
सौरभ शर्मा ने बताया कि अगर इसके बाद भी बिजली विभाग के अधिकारी अपनी इस मनमानी से बाज नहीं आए तो कांगे्रस उग्र आंदोलन करेगी। जिसके लिए कांगे्रस ने पूरी रणनीति भी तैयार कर ली है। उनका कहना है कि शहर की जनता के हित के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे।
विविधता ही हमारे देश की खूबसूरती, मदद करना भारत की परंपरा-मोहन भागवत
Author: Jai Lok






