
सफाई व्यवस्था का नया फार्मूला रेड जोन, येलो जोन और ग्रीन जोन में बांटकर बेहतर बनाएंगे सफाई व्यवस्था
सुबह 6.30 बजे से सफाई और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति व्यवस्था देखने निरीक्षण पर निकले निगमायुक्त
गढ़ा फाटक क्षेत्र में लीकेज सुधार में देरी पर संबंधित उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
जबलपुर (जयलोक)। नगर निगम के नवनियुक्त निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने कल पदभार ग्रहण करने के दूसरे ही दिन से अपनी कार्यशैली से यह स्पष्ट कर दिया है कि शहर में लापरवाही और ढिलाई बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आज गुरुवार को सुबह 6.30 बजे से ही वे मैदानी अमले के साथ शहर के विभिन्न इलाकों का जायजा लेने सडक़ पर उतर पड़े। उन्होंने रानीताल, सर्वोदय नगर, आगा चौक और गढ़ा फाटक, पोली पाथर, ललपुर, एस टीपी प्लांट समेत कई प्रमुख क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए उन्होंने एक नई पहल की घोषणा की। इसके तहत सफाई व्यवस्था को तीन प्रमुख जोनों रेड जोन, येलो जोन और ग्रीन जोन में विभाजित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान किया जा सके।आयुक्त ने दो टूक शब्दों में अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी कि सभी लोग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करें, अन्यथा कड़ी विभागीय कार्रवाई के लिए तैयार रहें। गढ़ाफाटक क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान पानी के लीकेज को गंभीरता से न लेने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित उपयंत्री को तत्काल प्रभाव से कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर में सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए स्वास्थ्य अमले को सुबह से ही फील्ड पर उतरना होगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सफाई मित्रों को शत-प्रतिशत सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं ताकि उनकी सेहत और सुरक्षा से कोई समझौता न हो।मैदानी निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने ललपुर स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया और वहां चल रही प्रक्रियाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीवेज सफाई हेतु मोबाईल एप्लीकेशन विकसित होगी – अत्याधुनिक जीपीएस बेस्ड वाश ऑन व्हीलस की तर्ज पर सीवेज सफाई हेतु मोबाइल एप्लिकेशन विकसित किया जाएगा ताकि सीवर की समस्याओं का समय सीमा में निराकरण एवं सूचीबद्ध कर सकेंगे। एस बी एम और जल प्रदाय की टीम संयुक्त रूप से निरीक्षण करेंगे और व्यवस्थाओं को देखकर समाधान करेंगे। सफाई मित्रों को शासन द्वारा निर्धारित मानदेय प्राप्त हो यह सुनिश्चित किया जाए एवं राशि उनके बैंक खाते में ही भेजी जाए। इस पूरी निरीक्षण कार्रवाई के दौरान अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा सहित निगम का अन्य अमला प्रमुख रूप से उपस्थित रहा।

इंडस्ट्री और रोजगार पर फोकस कर कार्यनीति तैयार करेंगे कलेक्टर अरुण कुमार





