जबलपुर (जय लोक)
कभी कांग्रेस के सिपाही और संगठन में अध्यक्ष जैसे पद पर रहने वाले वफादार नेता रहे जगत बहादुर सिंह अन्नू ने एक समय में पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए काफी काम किया। अपनी राजनैतिक और सामाजिक सक्रियता के साथ पार्षद के रूप में सक्रिय रहते हुए अपना एक बड़ा समर्थकों का वर्ग तैयार किया। वार्ड आरक्षण हुआ तो उनकी पत्नी श्रीमती यामिनी अन्नू सिंह भी चुनाव मैदान में उतरीं और नरसिंह वार्ड से चुनाव जीता। आगे के चुनाव में भी जगत बहादुर सिंह अन्नू के समर्थन वाला व्यक्ति नरसिंह वार्ड से चुनाव जीतने में सफल रहा। हालांकि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अपना यह वार्ड बुरी तरीके से हार गई थी। इसके बाद ऐसी अटकलें जोर पकड़ रही थीं कि कांग्रेस महापौर जगत बहादुर सिंह को लोकसभा चुनाव के मैदान में उतारेगी। इसी बीच राजनीतिक समीकरण बदले और महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने भोपाल जाकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस घटनाक्रम से जबलपुर में कांग्रेस को जोरदार झटका लगा। भले ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने इसे सामान्य घटना बताया हो, या यह कहा हो कि अन्नू तो उनके सामने बच्चा था और उसके जाने से कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। लेकिन सत्य यही है कि अन्नू के जाने से कांग्रेस को फर्क पड़ा है। ठीक लोकसभा चुनाव के पहले ना तो कांग्रेस के पास नगर अध्यक्ष था और ना ही नगर निगम सदन में नेता प्रतिपक्ष। इसके कारण कांग्रेस का कार्यकर्ता लंबे अवसाद से गुजरा, उसका मनोबल टूटा और वह मैदान में आज भी पूरी सक्रियता के साथ नजर नहीं आ रहा है।
कल महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू की अगुवाई में पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 250 कार्यकर्ताओं-पदाधिकारी ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इसमें नरसिंह वार्ड के 55 कार्यकर्ता भी शामिल हैं। इनमें से अधिकांश लोग कांग्रेस के किसी न किसी प्रकोष्ठ, बूथ समिति आदि के पदों पर और अन्य जिम्मेदारियों पर काम कर रहे थे। यह कांग्रेस के लिए फिर से एक झटके के समान है। जब बीच चुनाव में इतनी बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकत्र्ता भाजपा में चले गए है। अब इन 250 कार्यकर्ताओं में कितने वास्तविक थे कितने नहीं इसको लेकर जरूर आरोप प्रत्यारोप लग रहे हैं। लेकिन 250 कार्यकर्ताओं के कांग्रेस छोडक़र भाजपा में जाने की खबर से ही अन्य कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरना लाजमी है।
पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू भाजपा में आने के बाद लगातार कांग्रेस में सेंधमारी कर कांग्रेस को कमजोर कर रहे हैं। महापौर अन्नू से जुड़े सूत्रों का दावा है कि अभी तो यह टेलर मात्र है जल्द ही अन्नू अपने दावे के अनुरूप पश्चिम विधान सभा क्षेत्र के 1000 कांग्रेसियों को भाजपा में लेकर जाएंगे। कांग्रेस को भविष्य के इस नुकसान के लिए और भाजपा को अपने नए सदस्यों के स्वागत के लिए तैयार रहना चाहिए।