
पटना
भ्रष्टाचारियों पर ईडी लगातार शिकंजा कस रही है। इसके लिए छापे भी मारे जा रहे हैं। कई बार ईडी को अपेक्षा से ज्यादा नगदी और अवैध संपत्तियां मिल जाती हैं तो कई बार उम्मीद से काफी कम रकम बरामद होती है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के करीबी के यहां ईडी ने छापा मारा। लगभग आठ घंटे दस्तावेज खंगाले गए। तलाशी लेने में घंटो मशक्कत करना पड़ी। अंतत: मात्र दो करोड़ ही ईडी के हाथ लग पाए हैं। दरअसल शनिवार को ईडी की टीम ने पटना के अलग-अलग आठ ठिकानों पर सुभाष यादव से जुड़े कारोबार को लेकर छापेमारी की थी। इस दौरान ईडी की टीम को दो करोड़ रुपए कैश समेत निवेश और जमीन से जुड़े कई अहम दस्तावेज और कागजात भी मिले थे। जानकारी के मुताबिक इसी कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने सुभाष यादव को गिरफ्तार कर लिया था। सुभाष यादव की गिरफ्तारी शनिवार की देर रात उनके पटना स्थित आवास से की गई, जिसके बाद उनको कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में पेश करने के बाद सोमवार को उनको पटना के बेउर जेल में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। आपको बता दें कि सुभाष यादव लालू प्रसाद के बेहद करीबी नेता माने जाते हैं और बिहार में उनको बालू किंग के नाम से भी जाना जाता है। ईडी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक सोमवार को ईडी की टीम पटना स्थित ईडी की विशेष कोर्ट से रिमांड को लेकर अपील करेगी और सुभाष यादव को रिमांड पर लेने की मांग करेगी।

Author: Jai Lok







