
जबलपुर (जयलोक)। 5 दिवसीय पुस्तक मेले के सफलतम तीसरे दिन कल शुक्रवार को संभागायुक्त अभय वर्मा, आईजी अनिल कुमार कुशवाहा एवं कलेक्टर दीपक सक्सेना ने आयोजन स्थल पर पहुँचकर मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर श्री वर्मा ने पुस्तक मेले के आयोजन के लिए कलेक्टर श्री सक्सेना के प्रयासों की सराहना की। संभागीय आयुक्त ने यह मंशा जाहिर की कि अगले वर्ष से इस पुस्तक मेले को संभागीय स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इसका सीधा लाभ बच्चों और उनके अभिभावकों को मिलेगा साथ ही आयुक्त श्री वर्मा ने पुस्तक विके्रताओं, बच्चों और उनके अभिभावकों से चर्चा भी की। उन्होंने कहा कि पुस्तक मेले के माध्यम से कॉपी, किताबें और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्रियाँ एक ही स्थान पर सहजता से लोगों को उपलब्ध हैं। इस व्यवस्था से बच्चों और उनके अभिभावकों में भी प्रसन्नता है। आयुक्त श्री वर्मा ने जिला प्रशासन को पुस्तक मेले के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। आईजी श्री कुशवाहा ने भी पुस्तक मेले की सार्थकता पर अपने विचार व्यक्त किये।
जिला निर्वाचन कार्यालय के स्वीप सेल द्वारा मेले में लगाए गए सेल्फी स्टैंड में कमिश्नर श्री वर्मा ने फोटोज भी खिंचवाए। उल्लेखनीय है कि निजी स्कूलों की मनमानी से अभिभावकों को राहत दिलाने शहीद स्मारक गोलबाजार में आयोजित प्रदेश के पहले पुस्तक एवं मतदाता जागरूकता मेले में बच्चे और उनके अभिभावक सस्ती दरों पर कॉपी, किताबें, यूनिफॉर्म तथा अन्य शैक्षणिक सामग्रियाँ खरीदकर जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना कर रहे हैं।

Author: Jai Lok







