
जबलपुर (जयलोक)
इन दिनों देश में ठगी का एक नया तरीका शातिर ठगों ने निकाला है। यह शातिर ठग कोई और नहीं भूखा कंगाल हुआ पाकिस्तान है। पाकिस्तान से देशभर में फर्जी कॉल किए जा रहे हैं जिसमें ठग द्वारा खुद को पुलिसकर्मी बताकर बेटे या बेटी को हिरासत में लेने की बात कहते हैं बाद में लोगों को डराया जाता है और फिर उन्हें रिहा करने के लिए ऑन लाइन पैसे डालने की बात करते हैं। इससे जबलपुर भी अछूता नहीं रह गया है। शहरवासियों को ऐसे कई कॉल पाकिस्तान से आ चुके हैं जिसमें बेटे या बेटी को हिरासत में लेने की बात कही गई और उनसे पैसे की माँग की गई है। हालांकि कई लोग तो ऐसे भी हैं जिनके बेटे सामने बैठे हुए थे और उसी दौरान फर्जी पुलिस वाले का कॉल आया जिससे ठगी के इस नए तरीका का पता लग गया।
यह लोग इतने शातिर है कि उन्हें उक्त शहर के थानों के नाम की भी जानकारी है। नंबर भी वही इस्तेमाल किए जा रहे हैं जिन्हें ट्रेस कर पाना काफी मुश्किल है। इससे पहले भी लोगों को कई तरह के फ्रॉड कॉल आए जिन्होंने लोगों को झांसे में लेकर कई लाख रुपए ठग लिए और अब भी सिलसिला जारी है। अगर किसी को भी इस तरह का कॉल आए तो उसे नंजरअंदाज किया जाए ताकि फ्रॉड से बचा जा सके।
ऐसा रहता है ठगी का तरीका
शहरवासियों के मोबाईल पर कॉल आ रहे हैं जिसमें कहा जा रहा है कि आपके बेटे को दुष्कर्म के आरोप में फंसा देंगे। इस मोबाईल नम्बर की व्हाटसअप पर जाँच करने पर एक पुलिसकर्मी की फोटो नजर आएगी। फोन करने वाला खुद को एसएचओ बताते हुए कहता है कि आपका बेटा दुष्कर्म के आरोप में पकड़ा गया है। वह पुलिस की हिरासत में है। यदि बेटे का भविष्य सुरक्षित देखना चाहते हो तो एक नंबर दे रहा हूं, उस पर रुपये तुरंत गूगल-पे करो। यह बात किसी को मत बताना, वरना बेटे की जिंदगी खराब कर दूंगा। ऐसे फोन कॉल आने से शहरवासी अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हो जाते हैं और बिना सोचे समझे ठग द्वारा दिए गए नम्बरों पर पैसे ट्रांसफर कर देते हैं। हालांकि अधिकांश पढ़े लिखे लोग मोबाईल नम्बर के कोड को देखकर समझ जाते हैं कि फोन पाकिस्तान से आया है।
खाली हो रहे बैंक खाते
पाकिस्तान से आ रहे इन ठगी के फोन कॉल से शहरवासी काफी परेशान है। खास बात यह है कि पुलिस के लिए भी यह नम्बर टे्रस कर पाना मुस्किल हो गया है। शातिर ठग लोगों को अपनी बातों के जाल में फंसाकर बैंक खाता खाली कर रहे हैं। शहर में ऐसी घटनाएं कई लोगों के साथ हो चुकी हैं। पुलिस का भी यही कहना है कि ऐसे फोन कॉल के झांसे में ना आएं।

Author: Jai Lok







