
जबलपुर (जयलोक)। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रत्याशी के नाम की घोषणा इसी सप्ताह होने की उम्मीद की जा रही है। अभी कांग्रेस के उम्मीदवारों के लिए जो नाम सबसे ज्यादा चर्चाओं में हैं उनमें पूर्व वित्त मंत्री तरूण भनोत, नगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष दिनेश यादव और वरिष्ठ नेता सौरभ शर्मा का नाम चर्चाओं में सबसे आगे हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा के लिये अपने प्रत्याशी घोषणा कर दी है। भाजपा प्रत्याशी आशीष दुबे ने प्रचार भी शुरु कर दिया है। अर्श से फर्श तक का जिला एवं ग्रामीण भाजपा का अमला चुनाव की तैयारियों में जुट गया है। अब गेंद कांग्रेस के पाले में हैं। संगठन सूत्रों की मानें तो अंतिम तीन नाम में सौरभ शर्मा, दिनेश यादव और तरुण भनोत हैं। यहां कहा जा रहा है भनोत को प्रदेश संगठन मैदान में उतारना चाहता है, लेकिन भनोत की लोकसभा चुनाव में खास रूची नहीं है। वहीं पीसीसी की चीफ की पसंद सौरभ शर्मा बताए जा रहे हैं, हालांकी सौरभ ने खुद से कुछ सार्वजनिक नहीं कहा है। इन सबमें सिर्फ पूर्व नगर अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिनेश यादव लोकसभा चुनाव लडऩे की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। वे मजबूती के साथ जबलपुर से टिकिट माँग रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश कांग्रेस ने केन्द्रीय मुख्यालय में इन्हीं तीन के नामों का पैनल भेजा है। इसी हफ्ते कांग्रेस के जबलपुर लोकसभा प्रत्याशी पर मोहर लग जाएगी।
प्रत्याशी के बाद आएगा नगर अध्यक्ष
वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस में जबलपुर नगर अध्यक्ष की तलाश पूरी होने का नाम नहीं ले रही है। अब बताया जा रहा है लोकसभा प्रत्याशी घोषित होने के फौरन बाद नगर अध्यक्ष का चयन किया जाएगा। संगठन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बेहतर नतीजों के लिये कांग्रेस अब ऐसे नगर अध्यक्ष का चयन करेगी, जो लोकसभा प्रत्याशी के अच्छा समन्वय बना सके। इस वजह से अब नगर अध्यक्ष की घोषणा लोकसभा प्रत्याशी के चयन के बाद होने की संभावना है।
कांग्रेस में फँसा नेता प्रतिपक्ष पर पेंच
दूध का जला छाछ भी फूंक-फूंककर पीता है, कहा जा रहा है कि इसी वजह से नेता प्रतिपक्ष का चयन नहीं हो रहा है। कांग्रेस नेतृत्व एमआईसी की घोषणा के बाद नेता प्रतिपक्ष की घोषणा चाह रहा था। जिससे उस डर को कम किया जा सके की कहीं भाजपा एमआईसी का लालीपाप देकर नेता प्रतिपक्ष को अपने खेमे में न ले ले। लेकिन भाजपा ने एमआईसी अधूरी घोषित की है, निकट भविष्य में और एमआईसी सदस्य बनना तय है। जिसके चलते कांग्रेस पशोपेश में है। हालांकी कहा जा रहा है आचार संहिता लगने के साथ कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष नियुक्त कर देगी।

Author: Jai Lok







