जबलपुर (जय लोक)। कांग्रेस आज लोकसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा शाम तक कर सकती है। कांग्रेस कार्य समिति की आज बैठक होने वाली है जिसमें बचे हुए प्रत्याशी और पार्टी के घोषणा पत्र के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय होना है। जबलपुर लोकसभा सीट के लिए जो समीकरण नजर आ रहे हैं उसके अनुसार कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष दिनेश यादव इस विषम राजनीतिक परिस्थितियों में भी कांग्रेस पार्टी के बुरे समय पर संकट मोचक बनते नजर आ रहे हैं। क्योंकि यह वह दौर है जहां बड़े-बड़े लखपति करोड़पति भी कांग्रेस की टिकट से चुनाव लडऩे से पीछे हट रहे हैं। ऐसे बहुत से नेता हैं जो विधानसभा चुनाव के पहले बड़ी-बड़ी बातें कर रहे थे। लेकिन विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना करने के बाद बड़े-बड़े दावे करने वाले नेता राजनीतिक मैदान से ही नदारत हो गए हैं।
जबलपुर के एक बड़े कांग्रेस समर्पित उद्योगपति घराने के उत्तराधिकारी भी बीच में चुनाव लडऩे के लिए काफी मंसूबे मन में लिए मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन तत्कालीन स्थितियों का जायजा लेने के बाद सभी के मन मस्तिष्क से वर्तमान समय में बीजेपी को हरा पाने का फितूर दिमाग से निकल गया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नगर अध्यक्ष दिनेश यादव साफ सुथरी छवि के राजनेता है। दिनेश यादव लोकसभा चुनाव में सभी कांग्रेस जनों का सहयोग समर्थन लेकर भी आगे बढऩे में सक्षम है। 11 वर्षों तक नगर कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके तथा महापौर का चुनाव लड़ चुके दिनेश यादव सभी वर्गों का विषेश रूप से युवाओं का व्यापारियों का समर्थन भी बेहतर ढंग से जुटा पाएंगे। सामाजिक रूप से भी उनकी प्रतिष्ठा है इसका लाभ भी निश्चित रूप से उन्हें चुनावी रण में मिलेगा।
आज शाम तक कांग्रेस लोकसभा प्रत्याशी की उम्मीदवारी भी घोषित हो जाएगी। लगभग दिनेश यादव का चुनाव लडऩा तय माना जा रहा है। जितने भी नाम अंतिम दौड़ में चर्चा में बने हुए थे उनमें से अधिकांश नाम खुद ही वापस हो गए।
कांग्रेस संकट के दौर से गुजर रही है और ऐसे में समर्पित कांग्रेसी ही इन परिस्थितियों का सामना करने के लिए दिनेश यादव जैसे नेता मैदान में नजर आ रहे हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की उपस्थिति में आज और कल महत्वपूर्ण बैठक होना है। लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के शेष उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की जाएगी। इसके अलावा कांग्रेस पार्टी अपने घोषणा पत्र पर भी चर्चा करने के बाद इसे अंतिम स्वरूप देगी। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस पार्टी इस बार पाँच न्याय के मुद्दों पर मैदान में उतरेगी। जिनमें भागीदारी न्याय, किसान न्याय, नारी न्याय, श्रमिक न्याय और युवा न्याय से संबंधित मुद्दों पर चुनाव लडऩे कांग्रेस जनता के बीच जाएगी। इसमें 25 गारंटी होगी जिनकी घोषणा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे।
बहरहाल जबलपुर जैसी लोकसभा सीट पर जिसे भाजपा का गढ़ भी कहा जाता है। इस चुनौती को स्वीकार करना और पार्टी की लाज रखना का निर्णय करने वाले उम्मीदवार निश्चित रूप से इस विषम परिस्थिति में कांग्रेस के लिए संकट मोचक की भूमिका में नजर आएगा।
