जबलपुर (जयलोक)
गढ़ा अंतर्गत गंगा नगर चौराहे पर सीवर लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे से कई लोग घायल हो रहे थे। यहां सीवर ठेकेदार ने सीवर लाइन के लिए गड्ढा तो खोद दिया लेकिन उसे पूरना भूल गए। इस खबर को जय लोक ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। जिसका परिणाम यह हुआ कि 24 घंटे के अंदर ही बीच चौराहे पर खोदे गए इस गड्ढे को पूर दिया गया। जिससे यहाँ से गुजरने वाले लोगों ने राहत की सांस ली हालांकि गड्ढे पर फैली मिट्टी की वजह से वाहन जरूर फिसल रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि गड्ढा तो भर दिया गया है लेकिन आसपास फैली मिट्टी का हटाकर अगर बारिश के पहले डामलीकरण नहीं किया गया तो बारिश में हालत खराब हो सकते हैं। शहर में पानी की पाइप लाइन नगर निगम के जल विभाग की टीम ने बिछाई है। सीवर लाइन बिछाने का काम भी सीवर शाखा संभाल रहा है। लेकिन इन शाखाओं के बीच समन्वय नहीं होने के कारण इस तरह की स्थिति पैदा हो रही है। शहर भर में सीवर या पाइप लाइन के लिए खोदे गए गड्ढों को काम पूरा होने के बाद खुला ही छोड़ दिया जाता है। जिससे आएदिन वाहन चालक दुर्घटना का शिकार होते हैं। इसी तरह की जानकारी गंगा नगर चौराहे की जय लोक को मिली थी। क्षेत्रीय लोगों ने जय लोक पर विश्वास करके उन्हें अपनी समस्या बताई। जिसके बाद जय लोक ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। परिणाम यह हुआ कि सिर्फ गंगा नगर ही नहीं बल्कि शहर के सभी सीवर लाइन के गड्ढों पर नगर निगम का ध्यान गया और 24 घंटे के अंदर ही अधिकांश सीवर लाइन के गड्ढों को पूर दिया गया है। जिससे अब शहरवासियों को राहत मिल रही है।