जबलपुर (जयलोक)। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए लम्बा समय हो गया है। वह नगर कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे हैं, उनके भाजपा में चले जाने के बाद से ही नगर कांग्रेस के अध्यक्ष का पद खाली है। इस पद पर नियुक्ति का मामला अभी भी प्रदेश कांग्रेस के स्तर पर अटका हुआ है। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने नगर कांग्रेस के अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कोई निर्णय अभी तक नहीं लिया है। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कांग्रेस के लोकसभा प्रभारी डॉक्टर सुखदेव पांसे को नगर कांग्रेस अध्यक्ष और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष के नाम तय करने के लिए शहर के नेताओं से रायशुमारी करने का जिम्मा सौंपा था। डॉक्टर पांसे शहर के नेताओं से नगर कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष को लेकर उनकी राय भी जान चुके हैं और वह अपनी राय से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत भी करा चुके हैं। लेकिन अभी भी नगर कांग्रेस के अध्यक्ष और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष के नाम की घोषणा नहीं हो पा रही है। जानकार बताते हैं कि शहर के दिग्गज कांग्रेसी नेता नगर कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए किसी एक नाम पर सहमत भी नहीं हुए हैं। वहीं नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष को लेकर भी खींचतान मची हुई है। इसलिए इन दोनों ही पदों पर अभी तक कोई घोषणा नहीं हो पा रही है। शहर के कांग्रेसी और नगर निगम में कांग्रेस के पार्षद नगर कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के नाम की घोषणा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।