Download Our App

Home » हादसा » ड्रोन से हो रहा नहर फूटने से हुए नुकसान का आंकलन, राजस्व और कृषि विभाग ने शुरू किया सर्वे, मरम्मत में जुटा बरगी बांध प्रबंधन

ड्रोन से हो रहा नहर फूटने से हुए नुकसान का आंकलन, राजस्व और कृषि विभाग ने शुरू किया सर्वे, मरम्मत में जुटा बरगी बांध प्रबंधन

जबलपुर (जयलोक)। सगड़ा झपनी में बरगी नहर की दीवार टूटने से नहर का पानी बड़ी मात्रा में किसानों के खेतों में घुसा है। जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया, फसलें बर्बाद हो गईं और अब किसान फसलों के मुआवजे को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कृषि विभाग द्वारा ड्रोन सर्वे से नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। इसके साथ ही बरगी बांध प्रबंधन टूटी हुई दीवार के मरम्मत कार्य में जुटा हुआ है। हालांकि कार्य अभी जारी है, और इसे पूरा होने में कुछ समय भी लगेगा। मरम्मत कार्य के दौरान इस बात का ख्याल रखा जा रहा है कि मरम्मत कार्य के बाद दोबारा दीवार टूटने की स्थिति निर्मित ना हो।

मशीनों से किया जा रहा कार्य

बरगी नहर की दीवार टूटने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और बरगी बाँध प्रबंधन हरकत में आ गया था। बरगी नहर के पानी की निकासी की जा रही थी ताकि मरम्मत कार्य शुरू किया जा सके। आज बरगी नहर के पानी की निकासी पूरी हो गई और मशीनों के द्वारा दीवार का मरम्मत कार्य किया जा रहा है। इस कार्य में अधिकारियों की टीम भी नजर बनाए हुए हैं। पल पल की खबर अधिकारियों तक पहुँचाई जा रही है। पूर्णिमा खंडायत नायब तहसीलदार का कहना है कि बरगी नहर में दोबारा ऐसी स्थिति ना हो इस बात को ध्यान में रखकर सुधार कार्य किया जा रहा है। साथ ही इसके लिए स्पेशल टीम द्वारा मशीनों की सहायता से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नहर से पानी निकासी बंद कर दी गई है। हालांकि सुधार कार्य अभी जारी है और इसमें कुछ समय लगेगा।

मिट्टी के बहाव पर दिया जा रहा ध्यान

नायब तहसीलदार का कहना है पानी का तेज गति से रिसाव होने से मिट्टी का बहाव काफी हुआ है जिससे कारण यहां की मिट्टी बहकर आगे चली गई है और अब निर्माण कार्य के दौरान पहले मिट्टी के बहाव को समतल किया जा रहा है। जिसमें इस बात का भी ख्याल रखा जा रहा है कि नहर में पानी छोड़े जाने के बाद मिट्टी का बहाव ना हो जिससे दीवार को मजबूती मिले।

इनका कहना है

बरगी नहर में टूटी दीवार का सुधार कार्य शुरू कर दिया गया है। इस कार्य में टीम लगी हुई है जिसमें कुछ समय लगेगा। बरगी नहर को खाली कर दिया जिससे अब पानी की निकासी नहीं हो रही है।

पूर्णिमा खंडायत, नायब तहसीलदार

 

देखिये वीडियो -बरगी नहर की दीवार टूटने से मचा कहर, बांध की दाईं तट नहर में पानी की सप्लाई बंद कराई

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » हादसा » ड्रोन से हो रहा नहर फूटने से हुए नुकसान का आंकलन, राजस्व और कृषि विभाग ने शुरू किया सर्वे, मरम्मत में जुटा बरगी बांध प्रबंधन