
लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा प्रशासन पर सपा समर्थकों को वोट देने से रोकने के लिए दबाव बना रही है। सपा समर्थकों को वोट करने से रोका जा रहा है। अधिकारी लोगों को वोट नहीं करने दे रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर एक बार पुलिस के लोग वोट करने से रोकते हैं तो दोबारा वोट करने के लिए जाएं। उन्होंने अधिकारियों का नाम लेते हुए उन्हें हटाने की मांग की है। अखिलेश यादव मतदान के बीच लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा के लोग ऐसे अधिकारियों का वीडियो बनाएं और तस्वीरें लें जो कि उन्हें वोट नहीं करने दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के दोनों इंजन आमने-सामने आ गए हैं। इसलिए इन चुनाव में बेईमानी हो रही है। भाजपा बेईमानी से चुनाव जीतना चाहती है। अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ का नाम लिए बिना कहा कि दिल्ली और दोनों डिप्टी सीएम इनके खिलाफ हैं। वो अपना सिंहासन बचाने के लिए लड़ रहे हैं लेकिन इतना सबकुछ होने के बावजूद सपा प्रदेश की सभी नौ विधानसभा सीटों का उपचुनाव जीत रही है। एक भी विधायक सीएम योगी के पक्ष में नहीं है। अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा और कहा कि लगता है कि चुनाव आयोग की इंद्रिया काम नहीं कर रही हैं। इन लोगों को न तो कुछ दिखाई दे रहा है और न ही सुनाई दे रहा है। वहीं, इसके पहले एक्स पर बयान देते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जिन मतदाताओं को पुलिस-प्रशासन द्वारा वोट डालने से रोका गया है, वो एक बार फिर से वोट डालने जाएं।

Author: Jai Lok







