
श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था में निरीक्षण के दौरान पाई गई कई गंभीर त्रुटियां
जबलपुर (जयलोक)। जिला प्रशासन के समक्ष इस बात की शिकायत लगातार हो रही है कि धार्मिक आस्था का केंद्र बने कछपुरा महाकाली प्रतिमा पंडाल के आयोजक केवल एक ही परिवार के सदस्य हैं जिन्होंने सामूहिक काली उत्सव समिति के नाम पर प्राइवेट लिमिटेड कार्यक्रम जारी रखा है। इसके साथ ही समिति ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारियों में गंभीर लापरवाही बरती है। आधारताल अनुविभागीय दंडाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान यह पाया कि कछपुरा महाकाली समिति के संयोजक संजय गुप्ता और अन्य के द्वारा मौके पर आने वाली बड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ की सुरक्षा के लिए पुख्ता कोई इंतजाम नहीं किये गए है।
लोहे के पाइप से पंडाल का निर्माण, बिजली की बेहद ही दयनीय व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण की भी कोई विशेष व्यवस्था नहीं की गई है समिति के द्वारा लगाए जाने वाले वॉलिंटियरों की संख्या भी बहुत कम है जिसके कारण बहुत ज्यादा अव्यवस्था हो रही है और लगातार जाम लग रहा है।
डीजे के लिए भी दिया नोटिस- समिति के सदस्यों के द्वारा लगातार मनमानी कर तेज आवाज में न्यायालय के निदेर्शों को चुनौती देते हुए डीजे बजाए जाने की शिकायत प्रशासन को प्राप्त हुई। प्रशासन ने पूर्व में समझाइश दी लेकिन जब गुप्ता परिवार प्राइवेट लिमिटेड की समिति नहीं मानी तो फिर एसडीएम ने नोटिस जारी किया है।





