जबलपुर (जय लोक)।शहर में अभी सदर में हुए प्लंबर के फरार हत्यारे पकड़े भी नहीं गए थे कि देर रात फिर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मामला गढ़ा थाना क्षेत्र का है। यहां एक युवक की शादी समारोह के दौरान चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पूर्व में हुए विवाद को लेकर इनका फिर से झगड़ा हुआ था। युवक आधे घंटे तक सुनसान जगह पर लहुलुहान हालत में पड़ा रहा। जिसके बाद उसके भाई की नजर घायल युवक पर पड़ी। जब तक उसे इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल ले जाया जाता तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
गढ़ा पुलिस ने बताया कि मृतक का नाम अभिषेक रजक है, जो शक्ति नगर स्थित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। अभिषेक को उसके दोस्तों और परिवार वालों ने बारात स्थल से कुछ दूरी पर अकेले खड़े देखा था। लेकिन किसी को भी यह अंदाजा नहीं था कि यहां पहले से बैठे आरोपी उसकी हत्या कर देंगे। बताया जा रहा है कि लडक़ी पक्ष की तरफ से करण और अर्जुन नाम के युवकों से अभिषेक का कुछ दिनों पूर्व विवाद हुआ था। जिसको लेकर करण-अर्जुन अभिषेक से रंजिश रखते थे। कल रात भी अभिषेक का करण अर्जुन से विवाद हुआ। जिसके बाद दोनों युवकों ने उस पर चाकू से कमर और जांघ में कई वार किए। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं दूसरी ओर आधे घंटे तक अभिषेक वहीं पर लहुलुहानत हालत में पड़ा रहा। अभिषेक का भाई शेखर उसे खोजता हुआ घटना स्थल पर पहुँचा तो वहां अभिषेक को खून से लतपथ देखा। जिसके बाद परिवार वालों की मदद से उसे मेडिकल अस्पताल ले जाया गया लेकिन यहां डॉक्टरों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया।
जाँघ, पेट पर किए वार
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने अभिषेक के जांघ और पेट पर चाकू से वार किए गए हैं। जिसके कारण अधिक खून बह जाने से उसकी मौत हो गई। गढ़ा पुलिस ने हत्यारे करण अर्जुन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
अधारताल में रहता था मृतक
पुलिस का कहना है कि मृतक अभिषेक अधारताल क्षेत्र का रहने वाला था। जो शादी समारोह में शामिल होने गढ़ा के शक्ति नगर गया था। जहां रजक समाज का शादी समारोह का कार्यक्रम चल रहा था। लडक़ी पक्ष के करण रजक और अर्जुन रजक का कुछ दिनों पूर्व अभिषेक के पड़ोस में रहने वाले एक युवक से विवाद हुआ था। इस दौरान अभिषेक भी वहां मौजूद था इसी बात को लेकर करण अर्जुन उससे रंजिश रखते थे।
