
जबलपुर (जय लोक)। सोमवार की सुबह से शहर के अलग-अलग हिस्सों के भ्रमण पर निकले कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने दोपहर तीन पत्ती चौराहे पर रूककर ऑटो रिक्शा चालकों से संवाद किया और शहर की यातायात व्यवस्था से लेकर स?क सुरक्षा एवं ट्रैफिक नियमों के पालन के संबंध में उनसे चर्चा की।संवाद के दौरान कलेक्टर ने ऑटो रिक्शा चालकों से उनकी दिनचर्या, आमदनी और समस्याओं की जानकारी भी ली। उन्होंने ऑटो रिक्शा चालकों के स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण के लिए जल्दी ही शिविर लगाये जाने की बात कही तथा संबल योजना सहित श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का लाभ दिलाने विशेष शिविर आयोजित करने आश्वासन भी दिया।
केंद्रीय ग्रंथालय का किया भ्रमण
कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने एमएलबी स्कूल के समीप स्थित शासकीय केंद्रीय ग्रंथालय का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रंथालय में उपलब्ध पुस्तकों और अध्ययन सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान ग्रंथालय को स्मार्ट बनाने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं को विकसित करने के संबंध में भी चर्चा की।
इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी गौतम वर्बे तथा ग्रन्थालय के अधिकारी उपस्थित थे।





