Download Our App

Home » राजनीति » कांग्रेस स्थानीय मुद्दों पर राजनीतिक भूमिका बनाने जिला स्तर पर बनाएगी कमेटी

कांग्रेस स्थानीय मुद्दों पर राजनीतिक भूमिका बनाने जिला स्तर पर बनाएगी कमेटी

जिला अध्यक्ष और सर्वे रिपोर्ट की प्रत्याशी चयन में होगी महत्वपूर्ण भूमिका

जबलपुर(जयलोक)।दिल्ली से चली कांग्रेस संगठन में नई रणनीति निर्धारित करने की खबर प्रदेश की राजधानी भोपाल तक पहुंच चुकी है। प्रदेश कांग्रेस के विश्वसनीय सूत्रों ने बताया है कि मध्य प्रदेश में संगठन को और अधिक मजबूत करने के साथ संगठन के विस्तार में नया प्रयोग करते हुए कांग्रेस हर जिले में जिला स्तरीय राजनीतिक मामलों की समिति गठित करने की रूपरेखा तैयार कर रही है।
यह प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई जा रही है। यह समिति न केवल राजनीतिक मामलों का विकेंद्रीकरण कर जिले स्तर के विषयों को चयन करेगी उसके साथ ही मुद्दों को कब कैसे किस वक्त उठाना है यह भी तय करेगी। उक्त समिति की आने वाले नगरीय निकाय से लेकर विधानसभा और लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी चयन के लिए तैयार होने वाले रिपोर्ट कार्ड और सर्वे रिपोर्ट में महत्वपूर्ण भूमिका होगी। समिति के संबंध में जो खाका तैयार हुआ है उसके अनुसार इस समिति में  अध्यक्ष पद जिले के प्रभारी के पास होगा। हर 3 महीने में यह समिति अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस संगठन को सौंपेगी और जिले में चल रही गतिविधियों और नेताओं की स्थिति से अवगत कराएगी। वर्तमान नगर के जिला अध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे लोगों को भी इस समिति के माध्यम से और अधिक शक्ति और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देने का विचार संगठन में चल रहा है। विशेषकर जिन जिलों में कांग्रेस विपक्ष की भूमिका में रहते हुए अच्छा प्रदर्शन कर रही है जिले में पार्टी की सक्रियता बढ़ी है उसकी पहुंच आम जनों तक बढ़ी है उन जिलों के मौजूदा अध्यक्षों के अधिकार क्षेत्र में वृद्धि करने पर विचार चल रहा है उनके अभिमतों को अधिक महत्वपूर्ण बनाने के बारे में भी विचार किया जा रहा है।

 

जिला स्तर पर निर्धारित होगी रणनीति

नई समिति गठित करने के बारे में जो जानकारियां सामने आ रही हैं उसके अनुसार वर्तमान में जिले स्तर के मामले भी प्रदेश स्तर पर संगठन की बैठक में चर्चा के बाद निर्णय के लिए आते हैं। इस प्रक्रिया को और गतिमान बनाने एवं स्थानीय मुद्दों को उठाकर स्थानीय जनता के बीच में मजबूत पेठ बनाने के उद्देश्य से इस प्रक्रिया को अपनाया जा रहा है। जिले स्तर पर उठने वाले विषय जिससे सीधा स्थानीय जनता का सरोकार रहता है ऐसे विषयों को तत्काल चिन्हित कर उठाया जा सकेगा। निर्धारित हो रही रूपरेखा में जिले के पूर्व महापौर, विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, पूर्व सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष आदि लोगों को उनकी भूमिका के अनुरूप शामिल किया जा सकेगा। अगले साल नगरीय निकाय और पंचायत के चुनाव होना है। इसलिए कांग्रेस संगठन स्थानीय मुद्दों को अधिक महत्व देकर सीधे आम जनता के बीच जाकर उनसे जुड़े विषयों पर काम करने की रणनीति बना रहा है। प्रदेश संगठन महामंत्री संजय कामले यह बयान दे चुके हैं कि जिलों में कार्य कर रही समन्वय समितियों को और अधिक अधिकार संपन्न बनाकर इनमें विस्तार कर इनका स्वरूप राजनीतिक मामलों की जिला स्तरीय समिति की तरह बनाने का है।

कांग्रेस-कांग्रेस चिल्लाकर नुकसान पहुँचाने वाले कांग्रेसी भी होंगे चिन्हित

जिला प्रभारी की अध्यक्षता में बनने वाली उक्त जिला स्तरीय राजनीतिक मामलों की समिति कई बिंदुओं पर अपनी भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही विगत कुछ समय से विभिन्न जिलों में ऐसे तथाकथित कांग्रेसियों की संख्या काफी बढ़ गई है जो कांग्रेस कांग्रेस चिल्लाकर पार्टी को कांग्रेसी बनकर काफी नुकसान पहुँचा रहे हैं। प्रदेश संगठन ने वर्तमान की इन परिस्थितियों से निपटने के लिए गोपनीय सूची तैयार करने और ऐसे लोगों के क्रियाकलापों की जिला स्तर पर जानकारी एकत्रित करने का कार्य भी शुरू कर दिया है। बहुत से ऐसे लोगों ने पिछले चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशियों को नुकसान पहुंचाने का काम किया है यह घटनाक्रम अमूमन सभी जिलों में सामने आए। पार्षद चुनाव हो विधानसभा चुनाव हो इनमें यह घटनाक्रम अधिक नजर आया जहां अपनी व्यक्तिगत द्वेषपूर्णता के कारण बड़ी संख्या में लोगों ने अपने ही पार्टी के प्रत्याशी को हराने में विपक्ष की भूमिका अदा की और पार्टी को नुकसान पहुँचाया। अमूमन चुनाव समाप्त होने के बाद ऐसे लोगों को केवल चिन्हित कर रख लिया जाता है और अगले चुनाव के दौर के पूर्व उनके क्रियाकलापों का  हिसाब किताब होता है और उसी के अनुरूप संगठन ऐसे लोगों के बारे में निर्णय लेता है। इस बार आने वाले चुनाव में कांग्रेस केवल विपक्षी राजनीतिक दलों से लडऩे निपटने की तैयारी नहीं कर रही बल्कि अपने ही संगठन और दल में शामिल कुंठित मानसिकता के लोगों को जिला स्तर पर चिन्हित करने का कार्य गोपनीय तरीके से कर रही है। क्योंकि यह लोग भी चुनाव में पार्टी को नुकसान पहुँचाने का कार्य करते हैं और इस बार कांग्रेस की चुनाव रणनीति में ऐसे लोगों को निपटाना और इन्हें दूर रखना भी मुख्य एजेंडा में शामिल है।

 

 

अंधत्व की अनुभूति के लिए आँखों में पट्टी बांधकर निकली रैली, महापौर की उपस्थिति में हुआ आयोजन

 

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » राजनीति » कांग्रेस स्थानीय मुद्दों पर राजनीतिक भूमिका बनाने जिला स्तर पर बनाएगी कमेटी
error: Content is protected !!