
जबलपुर (जय लोक)। आज दोपहर बाद लॉर्डगंज थाने के सामने गंजीपुरा मार्केट की ओर जाने वाले मार्ग के मोड़ पर हाल ही में विधायक निधि से नगर निगम के द्वारा निर्मित किए गए महिलाओं के लिए विशेष रूप से तैयार सुलभ शौचालय का छज्जा अचानक भर भराकर गिर गया। गनीमत थी कि जिस समय यह हादसा हुआ उस समय कोई महिला शौचालय के अंदर नहीं थी। कुछ पल पहले ही महिलाएं शौचालय के बाहर आई गई थीं और उसके तत्काल बाद यह हादसा हो गया। इस घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी लगते ही इस घटिया निर्माण कार्य का विरोध शुरू हो गया। पूर्व विधायक विनय सक्सेना बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ इस घटिया निर्माण का विरोध प्रदर्शन करने के लिए मौके पर पहुंचे। महिला कांग्रेस की नगर अध्यक्ष प्रियंका सोनी भी मौके पर पहुंची।

पूर्व विधायक विनय सक्सेना ने आरोप लगाया कि विधायक निधि से हुए इस प्रकार के कार्यों में लगातार भ्रष्टाचार के प्रमाण सामने आ रहे हैं। प्रदेश सरकार से लेकर विधायक और नगर निगम के अधिकारी बड़े बड़े दावे कर रहे हैं लेकिन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सबके सामने है और भ्रष्टाचार चरम पर है। दर्जनों कांग्रेस के लोगों ने शौचालय के अंदर जाकर स्थिति देखी और उसके बाद मीडिया के समक्ष इस घटिया निर्माण कार्य की पूरी पोल खोल कर रख दी।

ढोल बाजे के साथ पहुंचे
पूर्व विधायक विनायक सक्सेना अपने समर्थकों और कांग्रेस के नेताओं के साथ ढोल बाजे लेकर इस घटिया निर्माण कार्य के विरोध में शौचालय के समक्ष प्रदर्शन करने पहुंचे। कुछ समय पहले ही इस शौचालय का ढोल बाजे गाजे के साथ उद्घाटन किया गया था। निर्माण कार्य में हुई गड़बड़ी और भ्रष्टाचार के कारण इसका छज्जा गिर जाने से नया हंगामा खड़ा हो गया है। कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि भाजपा के शासनकाल में चल रहे भ्रष्टाचार और गुणवत्ता विहीन कार्यों को उजागर करने के लिए वह ढोल बाजे लेकर आए और पुष्पवर्षा की।


Author: Jai Lok





