
कहा- कार्रवाई नहीं कर रही सरकार, सीएम बोले- मर्यादा बनाकर रखें
भोपाल (जयलोक)। मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस विधायकों ने जनप्रतिनिधियों पर हमले के मामलों में कार्रवाई नहीं होने की बात कही। कांग्रेस विधायकों पर झूठे मुकदमे दर्ज होने का सवाल उठाया। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश पर डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने वाणिज्य कर विभाग से संबंधित पत्रों को पटल पर रखने का काम शुरू कर दिया। इस पर कांग्रेस विधायक भडक़ गए और सदन से वॉक आउट कर दिया। इससे पहले विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायकों ने बीन बजाकर प्रदर्शन किया। एक विधायक भैंस बने जबकि बाकी उनके आगे बीन बजाते दिखे। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा- मध्यप्रदेश सरकार भैंस की तरह सोई हुई है। ओबीसी को 27 परसेंट आरक्षण नहीं मिल रहा…युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही…हम सवाल लगाते हैं तो सरकार जवाब नहीं देती। ऐसे में हम उसे बीन बजाकर जगा रहे हैं। इसके जवाब में बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा- कांग्रेस के इंटरनेशनल सपेरे कुछ दिन पहले राजधानी में आए थे। उन्होंने कहा था कि आस्तीन के सांप ढूंढना है। इन्हीं को ढूंढने के लिए बीन बजाई जा रही है। मामले पर सदन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- विपक्षी सदस्य आज नागपंचमी पर भैंस लेकर आए। कभी गिरगिट लेकर आते हैं। आप चुने हुए प्रतिनिधि हैं, मर्यादा बनाकर रखना चाहिए।
मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के कैंडलर का वितरण नहीं हुआ
सदन में मंगलवार को प्रश्नकाल में सिर्फ महिला विधायकों के प्रश्न लिए गए। विधायक अनुभा मुजारे ने कैलेंडर वितरण का प्रश्न पूछा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के कैंडलर का वितरण नहीं हुआ। इस पर महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने जवाब में माना कि कुछ जगह कैलेंडर का वितरण नहीं हुआ। इस मामले में कुछ लोगों पर कार्रवाई की जा रही है। अनुभा मुंजारे ने आकंड़े पेश करते हुए बताया कि एक लाख 64 हजार कैलेंडर का वितरण नहीं हुआ, जिन अधिकारियों की गलती उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
शिवराज चले गए, सडक़ें बदहाल
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सदन में जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार नहीं है और हर बार इनसे बचने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि वन भूमि से आदिवासियों को जबरन बेदखल किया जा रहा है। किसान, युवा और महिलाएं तमाम समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार केवल अपनी ब्रांडिंग में व्यस्त है। बजट में युवाओं की नौकरी, किसानों को खाद, सडक़ और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का प्रावधान होना चाहिए, लेकिन बजट में केवल मलाईदार विभागों को प्राथमिकता दी जा रही है। सडक़ व्यवस्था को लेकर उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, शिवराज सिंह चले गए, लेकिन सडक़ें आज भी वैसी ही बदहाल हैं।
बुरहानपुर सूत मिल श्रमिकों के भुगतान का मुद्दा सदन में उठा
भाजपा विधायक अर्चना चिटनीस ने बुरहानपुर की सहकारी सूत मिल के श्रमिकों के भुगतान नहीं होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के भुगतान की समय सीमा तय होनी चाहिए। इस पर मंत्री चैतन्य कश्यप ने जवाब दिया कि मुख्य सचिव के नेतृत्व में समिति बनाई गई है। श्रमिकों को सूचीबद्ध किया जा रहा है। इस पर विधायक चिटनीस ने सदन में बताया कि दो पीढिय़ों से भुगतान का इंतजार किया जा रहा है। इस पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हमारी सरकार श्रमिकों की समर्थक सरकार है।
Author: Jai Lok







