
जबलपुर (जय लोक)। पड़रिया नहर में एक युवक का शव और बाइक नजर आने की सूचना पनागर थाना पुलिस को प्राप्त हुई।

थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार टीम और गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला। पहचान के बाद मृतक नितिन ठाकुर निकला। पनागर थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा बाइक फिसलने से हुआ प्रतीत होता है। नितिन ठाकुर आदतन अपराधी था और उसके खिलाफ शहर में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रहे इस युवक की दर्दनाक मौत हो गई। आज रविवार को उसका शव पनागर थाना क्षेत्र की पड़रिया नहर में बाइक के साथ मिला। मृतक की पहचान नितिन ठाकुर के रूप में हुई है, जो शनिवार शाम घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। नितिन ठाकुर का 17 जनवरी को जन्मदिन था। वह शाम को अपने दोस्त विपिन काछी के साथ बाइक से पार्टी के लिए निकला था। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। रातभर इंतजार के बाद माढ़ोटाल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

Author: Jai Lok







