
जबलपुर (जयलोक)। बीती रात हुए सडक़ हादसे ने एक परिवार के दो लोगों की जिंदगी छीन ली। वहीं तीन लोगों को लहुलहान कर दिया। मामला भेड़ाघाट थाना क्षेत्र का है जहां कठौंदा से एक परिवार कार में सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने जबलपुर आया था। समारोह के बाद जब वे अपने घर जा रहे थे तभी कार भेड़ाघाट के पास एक ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में कार चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई तो वहीं तीन लोग घायल हो गए। हादसे का कारण वाहनों का तेज रफ्तार होना बताया जा रहा है।
हादसा अंधमुख वेहदन के पास रात तीन बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कठौदा निवासी यशवंत पटेल, सौरभ पटेल अपने तीन साथियों के साथ जबलपुर में शादी समारोह में शामिल होने आए थे। रात तीन बजे सभी अपने घर वापस जा रहे थे। कार जब वेहदन के पास पहुँची तभी सामने से जा रहे ट्रक में जा टकराई। हादसे में कार के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं कार के सामने की सीट में बैठे दो लोगों की मौत हो गई। कार की पिछली सीट में बैठे तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुँची भेड़ाघाट पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।

ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ हादसा
इस संबंध में बताया जा रहा है कि तेजी से दौड़ रही कार के चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। जिससे कार ट्रक के पिछले हिस्से में जा टकराई। वहीं इस बात की भी आशंका जताई जा रही है कि कार चालक को नींद का झोंका आया होगा जिससे यह हादसा हुआ। हादसे के बाद कार में फंसे लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया है।

परिजन डूबे शोक में
कुछ घंटे पहले जो परिवार हंस खेल रहा था आज वहीं परिवार शोक में डूब गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पीडि़त के परिवार वाले शहर आए। मृतकों के शवों को पोस्ट मार्टम के लिए भेजा गया है। स्थानीय लोगों ने घटना स्थल पर स्पीड बे्रकर और चेतावनी संकेत लगाए जाने की माँग की है।

Author: Jai Lok






