जबलपुर (जय लोक)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज जो नगर आगमन हो रहा है उससे शहर के तीन विधानसभा क्षेत्रों में राजनैतिक हलचल रहने वाली है। आज मुख्यमंत्री शहर की दो विधानसभाओं में आयोजित लोकापर्ण और भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं वे एक और विधानसभा क्षेत्र में बजट पर संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री पनागर विधानसभा अंतर्गत ग्राम उमरिया में बनाई जा रही गौशाला परियोजना के पहले चरण का भूमिपूजन करेंगे। तो वहीं केंट विधनसभा के रांझी में स्टेडियम का लोकार्णण करेंगे। इसके साथ ही उत्तर-मध्य विधानसभा अंतर्गत गोलाबाजार में आयोजित कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि उमरिया गौशाला परियोजना का चार चरणों में कार्य होगा। इसके प्रारंभिक चरण के लिए दस करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। जबकि इस कार्य में कुल 80 करोड़ की राशि खर्च होगी।
आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए यह एक बड़ी पहल है। उमरिया ग्राम में 53 एकड़ से अधिक भूमि पर अत्याधुनिक गौशाला का निर्माण किया जाएगा। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना कुल 10 हजार गौवंश को रखने की व्यवस्था की जाएगी। वर्तमान में यहां पर तीन हजार गौवंश मौजूद हैं। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के अनुसार, इस गौशाला के निर्माण से शहर की सडक़ों पर घूमने वाले आवारा पशुओं को सुरक्षित आश्रय मिलेगा और इससे राहगीरों को भी राहत मिलेगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री खेलो इंडिया अभियान के अतंर्गत आज अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए उपयुक्त और सर्वसुविधायुक्त अत्याधुनिक बनाए गए रांझी में स्टेडियम का लोकार्पण करेंगे। नवनिर्मित राँझी खेल परिसर में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की ट्रेक एंड फील्ड स्पर्धाएं आयोजित की जा सकेंगी। यहाँ 400 मीटर का आठ लेन सिंथेटिक एथेलेटिक ट्रेक बनाया गया है।
सेंट गेब्रियल स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, विधायक अशोक रोहाणी स्कूल पहँुचे
