
जबलपुर (जयलोक)। खमरिया इलाके में तेंदुए की चहलकदमी ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। कभी तेंदुआ कॉलेज के पास चहलकदमी करता देखा जा रहा है तो कभी गुरूद्वारे के पास देखा गया। घनी आबादी और सार्वजनिक जगहों पर तेंदुए की मौजूदगी देखी जा रही है। जिसको लेकर अब यहां रहने वाले लोग अपने व अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पहले 27 जुलाई को सुबह चार बजे तेंदुए को ओएफके कॉलेज के पास देखा गया था। तेंदुआ यहां सडक़ पार करते हुए देखा गया। तभी एक महिला की नजर तेंदुए पर पड़ी। गनीमत यह रही कि महिला ने खुद को सुरक्षित स्थान पर छुपा लिया। वहीं दूसरी ओर तेंदुए को 5 अगस्त को गुरूद्वारे के पास देखा गया। यहां तेंदुआ बाउंड्रीवॉल के पास खड़ा देखा गया। तब लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

मॉर्निंग वॉक और ड्यूटी जाने वालों को चिंता
सुबह मॉर्निंग वॉक पर जाने वाले लोगों और रात को ड्यूटी जाने वाले लोगों में चिंता देखी जा रही है। तेंदुए की चहलकदमी रात और सुबह तडक़े देखी जा रही है। जिससे लोगों को अपनी जान का भय सता रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी है और तेंदुए को पकडऩे का आग्रह किया गया है। वहीं वन विभाग ने भी सतर्क रहने की सलाह दी है।

Author: Jai Lok





