
बिहार में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की सीट पर भाजपा पिछड़ी
बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर आगे, गुजरात के मंजलपुर में भाजपा को बढ़त
भोपाल/पटना/गांधीनगर। आठवें राउंड की मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को 6,828 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 3,540 और आजाद समाज पार्टी को 1,303 वोट मिले। इस राउंड में कांग्रेस ने 3,288 वोटों की बढ़त हासिल की। इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी 6,583 वोटों की मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं। अब तक 160 पोलिंग बूथों की मतगणना पूरी हो चुकी है। जबकि शेष बूथों की गिनती जारी है।
बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर 30 जुलाई को हुए उपचुनावों की मतगणना जारी है। नतीजे लगभग साफ हो गए हैं। बिहार के बांकीपुर में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं।
प्रशांत 15वें राउंड की गिनती के बाद भाजपा के नीरज कुमार से 8,202 वोटों से आगे चल रहे हैं। बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की पारंपरिक सीट मानी जाती है, जहां से वे लगातार पांच बार विधायक रहे हैं। उनके राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हो गई थी।
मध्य प्रदेश के दतिया में शुरुआती राउंड की गिनती में भाजपा आगे थी, लेकिन अब कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह 6 हजार से ज्यादा वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा ने यहां से 3 बार विधायक रह चुके नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है।
वहीं गुजरात के मंजलपुर में भाजपा के सतेन्द्रभाई पटेल उर्फ सतीश पटेल की जीत लगभग तय है। उन्हें अब तक 49,791 वोट मिले हैं। कांग्रेस के भिखाभाई रबारी को 22,275 वोट मिले हैं। सतीश 27,516 वोटों से आगे हैं। अब 19 में से सिर्फ 2 राउंड की गिनती बाकी है।
Author: Jai Lok






