
भोपाल (जयलोक)
परिवहन विभाग का ड्राइविंग लाइसेंस का सर्वर ‘सारथी’ पिछले दो माह से लगातार डाउन हो रहा है। इसके कारण लाइसेंस बनाने में काफी परेशानी आ रही है। आवेदन के समय अचानक सर्वर डाउन हो जाने से आठ हजार से ज्यादा लाइसेंस भी अटक गए हैं। आरटीओ ऑफिस से मिली जानकारी के मुताबिक मई की शुरुआत से ही लाइसेंस के कामों से जुड़ा सारथी सर्वर ठीक से काम नहीं कर रहा है। यह ना तो पूरी तरह से बंद है ना ही ठीक से चल रहा है। दिनभर में सिर्फ कुछ देर ये ठीक से चल रहा है। इसके लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों से लेकर एजेंट और आवेदक दिनभर सिस्टम से चिपके रहते हैं। सर्वर काम करता नजर आते ही आवेदक आवेदन करने लगते हैं। कुछ आवेदन होते हैं और फिर अचानक सर्वर क्रेश हो जाता है, जिससे रोजाना प्रदेश में हजारों आवेदकों के पैसे भी कट जाते हैं और काम भी नहीं होता है, जिससे लोगों की रोजाना लाखों की फीस डूब रही है। पिछले दो माह में करीब आठ हजार लाइसेंस ऐसे ही अटके हुए है।

Author: Jai Lok







