
देर रात तक बाजारों में दिख रही रौनक, जमकर हो रही खरीददारी
जबलपुर (जयलोक)। शुक्रवार का दिन बाजार के लिये कुछ खास रहा। बाजार इस तरह गुलजार रहे, जैसे आज ही धनतेरस हो। गुरुवार को शुरु हुआ मुर्हूत आज शुक्रवार को भी बना हुआ है। दरअसल गुरु पुष्य नक्षत्र के महायोग का प्रचार कुछ इस तरह किया गया कि ज्योतिष शास्त्र में विश्वास करने वाले लोगों ने शुभ मुहूर्त में जमकर खरीददारी की। सोने-चांदी से लेकर मोटर सायकिल व इलेक्ट्रानिक आयटम व बर्तन, कपड़ों की खरीददारी करने के लिये उपभोक्ता बाजारों में उमड़ पड़े। दोपहर बाद बाजारों में भीड़ बढऩा शुरू हुई और शाम के बाद बाजार इस तरह गुलजार हुये कि पैर रखने की जगह नहीं रही।
ज्योतिषियों के मुताबिक यह अत्यंत लाभकारी महायोग रहा। इस दिन खरीददारी करने से संपन्नता और बरकत की मान्यता है। ब्रम्हाण्ड में पुष्य नक्षत्र को देवी लक्ष्मी, सरस्वती और महाकाली का नक्षत्र माना जाता है। पुष्य नक्षत्र को खरीदी का विशेष लाभकारी मुहूर्त होने का व्यापारियों ने अच्छा खासा लाभ उठाया। उपभोक्ताओं को आकर्षित करने शोरूम आकर्षक पुष्प और विद्युत सज्जा से सजाये गये थे, वहीं उपभोक्ताओं के लिये अनेक उपचार योजनाएं भी लागू की गई थीं। ज्योतिषियों ने राशि के अनुरूप खरीददारी का विशेष मुहूर्त बताया था। ज्योतिष विज्ञान पर विश्वास करने वाले लोगों ने ठीक उसी मुहूर्त पर खरीददारी की। लोगों को दीपोत्सव और धन तेरस के लिये जो खरीददारी करनी थी, वह लोगों ने पहले ही कर ली। एक तरफ जहां सोने चांदी के आभूषणों के शोरूम खरीददारों की भीड़ से भरे थे, वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स आयटमों की दुकानों और खरीददारों की भीड़भाड़ देखी गयी।

सराफा बाजार में चहल पहल
करवा चौथ के पहले से ही सराफा बाजार में रौनक देखने को मिलने लगी थी। करवा चौथ में जहां महिला ने गहनों की खरीददारी की तो वहीं धनतेरस को भी सोने चाँदी के आभूषण खरीदना शुभ माना जाता है। जिसको देखते हुए सराफा बाजार में एक से बढक़र एक आकर्षक आभूषण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इलेक्ट्रानिक आयटमों की भी माँग
धनतेरस के दिन टीवी, फ्रिज सहित अन्य इलेक्ट्रानिक आयटमों की भी मांग बढ़ जाती है। ऐसे में दुकान संचालक उपभोक्ताओं को आकर्षित करने के लिए एक से बढक़र आफर और उपहार भी दे रहे हैं। दुकान संचालकों का अनुमान है कि इस बार लाखों की बिक्री होगी।
वाहनों की भी हुई बुकिंग
आभूषण, इलेक्ट्रानिक उत्पाद के साथ साथ मोटर सायकिलों और कारों की बिक्री भी जमकर होती है। जिसको देखते हुए शहर के शोरूम संचालकों ने वाहनों के साथ उपहार भी दे रहे हैं। शोरूम संचालकों का कहना है कि पहले से ही वाहनों की बुकिंग शुरू हो चुकी है।
——————

Author: Jai Lok







