जबलपुर (जय लोक)। हाल ही में दैनिक जय लोक ने शहर की प्रमुख नदी हमारी धार्मिक आस्था का केंद्र माँ नर्मदा और उसकी सहायक नदियां परियट, गौर और हिरण नदी में बढ़ रहे प्रदूषण को लेकर खबर प्रकाशित की थी। खबर का शीर्षक ही यही था कि ‘क्या नदियों के गोबर नदी में बदल जाने का इंतजार कर रहा प्रशासन’ इस शीर्षक का आशय यह था कि इन नदियों के किनारे संचालित हो रही दूध डेरियों को खमरिया स्थित डेयरी स्टेट में स्थानांतरित करने का कार्यं 3 साल से नहीं हो पा रहा है। जिसके कारण इन नदियों में प्रदूषण लगातार बढ़ता जा रहा है।खबर पर संज्ञान लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने स्वच्छता अभियान के तहत नगर निगम की एक टीम को कल परियट नदी में गोबर बहाने वाली दूध डेरियों के विरुद्ध कार्यवाही करने हेतु भेजा। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुँचकर ऐसी 9 डेरियों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए 50 हजार का जुर्माना लगाया। शहर के स्वच्छता अभियान को लेकर आयुक्त प्रीति यादव गंभीरता और सख्ती के साथ कार्यवाही करवा रहीं है। रोजाना गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्यवाही की जा रही है। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के कार्यक्रम भी चल रहे हैं। इसी क्रम में खबर प्रकाशित होने के बाद निगम प्रशासन ने इस विषय पर संज्ञान लेते हुए एक टीम को परियट नदी के समीप स्थित दूध डेरियों के जाँच करने भेजा था। नगर निगम की टीम ने डेयरी संचालकों को चेतावनी दी है कि दोबारा अगर उन्होंने नदी में गोबर बहाने का कार्य किया तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। कार्यवाही के दौरान सहायक स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र राज ने बताया कि स्वच्छता अभियान के अंतर्गत यह बड़ी कार्यवाही की गई है। इसके अलावा महाराजपुर व्हीकल मोड पर भी सडक़ किनारे खुले में मांस मछली बेचने वाले 25 ठेले और टपरों को हटाने की कार्यवाही की गई है। इस कार्रवाई के दौरान स्वच्छता निरीक्षक अनंत दुबे सुपरवाइजर लक्ष्मण और सुरेश राय शामिल थे।
