
सिहोरा में बस का कोहराम
बस की परमिट हुई रद्द, घायलों के उपचार में प्रशासन जुटा
जबलपुर (जयलोक)। इंदौर की तरह शहर में भी भीषण सडक़ हादसा हुआ। यहां बीती रात सीहोरा तहसील में एक बस दुर्गा पंडाल में घुस गई और उसने 20 से ज्यादा लोगों को कुचल दिया। हादसे में 15 से ज्यादा लोग घायल है, जबकि 7 की हालत गंभीर है, जिन्हें जबलपुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। वहीं पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। इस हादसे में बस चालक को भी चोटें पहुँची हैं। बताया जा रहा है कि बस चालक शराब के नशे में धुत था। बस चालक को भी इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं लोगों ने इस हादसे के बाद बस में जमकर तोडफ़ोड़ की। वहीं इस हादसे में एक की मौत होने की भी बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस इस बात की पुष्टि नहीं कर रही है।
जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर सिहोरा तहसील में मंगलवार रात करीब 10 बजे यहां सडक़ किनारे बने एक दुर्गा पंडाल में पूजा पाठ चल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार में आई बस और अनियंत्रित होकर पंडाल के भीतर घुस गई। बस की रफ्तार बहुत अधिक तेज थी, पंडाल में घुसने के पहले उसने सडक़ पर खड़े हुए दूसरे कई वाहनों में टक्कर भी मारी, इस घटना में 15 से ज्यादा लोग घायल हुए, 7 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

गुस्साए लोगों ने की बस फूंकने की कोशिश
हादसे में गंभीर मरीजों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, घटना के तुरंत बाद सिहोरा पुलिस मौके पर पहुंच गई और उसने स्थिति को नियंत्रण में लिया। गुस्साए लोग बस में आग लगाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने लोगों को समझाइश देक किसी तरह मामला शांत किया।

कटनी से जबलपुर जा रही थी बस
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि बस क्रमांक एमपी 49 पी 0251 कटनी से जबलपुर की ओर जा रही थी। गौरी तिराहे के पास पहुंचते ही ड्राइवर का नियंत्रण बस से हट गया और वह सीधे पंडाल में घुसी। घटना की जानकारी लगते ही सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े घटनास्थल पर पहुंचे, संतोष बरकड़े का कहना है कि मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों के इलाज की व्यवस्था के लिए डीन को निर्देश दिए गए हैं।

आरक्षक भी घायल
इस हादसे में एक पुलिस आरक्षक भी घायल हुआ है जो बस को रूकवाने की कोशिश कर रहा था। लेकिन बस चालक ने उसे भी टक्कर मारते हुए बस आगे बढ़ा दी।
घायलों को मिली आर्थिक मदद
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि बस दुर्घटना में घायलों को उपचार के लिये मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सभी सात गंभीर घायलों के परिजन को तत्काल सहायता के रूप में रेडक्रॉस सोसायटी से दस-दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। दुर्घटना में जिन तीन व्यक्तियों को गम्भीर चोटें पहुंची हैं उनमें खुशबू बंशकार, रोली सोनी एवं सिपाही लाल विश्वकर्मा शामिल हैं। इन्हें सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल शिफ्ट किया गया है।
हादसे की जाँच शुरू
पुलिस और प्रशासन की टीम ने इस हादसे की जाँच शुरू कर दी है। हादसा बस चालक की लापरवाही से हुआ है। बस का परमिट भी निरस्त कर दिया गया है। इसके साथ ही पुलिस अब बस चालक पर आगे की कार्रवाही करेगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए नो-एंट्री का उल्लंघन किया और सामने से आ रहे वाहन को टक्कर भी मारी थी।
हादसे में ये लोग हुए हैं घायल
इस हादसे में रोली सोनी, ममता कोल, खुशबू वंशकार, वंदना बर्मन, संध्या चौधरी, शिखा चौधरी, कैलाश चौधरी, मनीष दहिया, कोदू लाल बर्मन, सोहनलाल को चोटें पहुँची हैं।
विधायक, संभागायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक कलेक्टर और एसपी ने ली घायलों की जानकारी
बस दुर्घटना में कुल 15 लोग घायल हुए थे, जिनमें से 8 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दी गई जबकि 7 को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जिनमें से तीन की स्थिति गंभीर है तथा इलाज जारी है। मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भर्ती घायल व्यक्तियों तथा उनके परिजनों से देर रात संभागायुक्त धनंजय सिंह, पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने भेंट की तथा उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने घायलों का इलाज कर रहे चिकित्सकों से भी चर्चा कर सभी घायलों के उपचार में कोई कसर बाकी नहीं रखने के निर्देश चिकित्सकों को दिये। कलेक्टर द्वारा घायलों के परिजनों को रेडक्रॉस सोसायटी से 10-10 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता स्वीकृत की गई है। क्षेत्रीय विधायक संतोष बरकड़े भी मौके पर पहुंच कर घायलों के स्वास्थ्य का हालचाल जाना।
मंत्रियों को जिले में सक्रिय होने के निर्देश, सत्ता और संगठन ने बनाया फॉमूला
Author: Jai Lok







