
जबलपुर (जय लोक)। पश्चिमी विक्षोप के असर के कारण आज शहर का मौसम बदला बदला नजर आया। शहर में देर रात से ही चारों ओर कोहरा छा गया जिसका असर आज दोपहर तक देखने को मिला। कोहरे की वजह से 50 मीटर आगे का भी ठीक से नहीं दिखाई दे रहा था। मौसम विभाग का कहना है कि दोपहर बाद कोहरा साफ हो जाएगा, कल से धूप निकलेगी लेकिन तापमान में ज्यादा फर्क नहीं आएगा। तापमान सामान्य के आसपास ही बना रहेगा।

मौसम प्रवक्ता देवेन्द्र तिवारी ने बताया कि पश्चिमी विक्षोप के असर के कारण शहर में कोहरा छाया हुआ है। आलम यह था कि कोहरे के कारण चारों ओर कुछ नजर नहीं आ रहा था। वहीं तापमान सामान्य से ऊपर रहा लेकिन अहसास 5 डिग्री जैसी ठंड का कराया। सुबह से ही लोग ठंड से कांपते नजर आए। कोहरे और ठंड के कारण लोगों की सुबह देरी से हुई। वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों को स्कूल की छुट्टियाँ होने की वजह से कुछ राहत मिली है।

खुले आसमान के नीचे रहने वालों की आफत
कोहरे और ठंड से खुले आसमान के नीचे रहने वाले लोगों के लिए यह ठंड आफत बन गई है। कोहरा, ठंड और ओस के कारण गरीब तबके के लोगों की रात ठिठुरते हुए गुजरी। गरीब तबके के लोगों के लिए एकमात्र सहारा अलाव भी सडक़ों से नदारत है। जिसको लेकर निगम के खिलाफ लोगों की नाराजगी भी देखने को मिल रही है।

सामान्य से ऊपर रहा तापमान
शहर के तापमान की बात की जाए तो शहर का न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। हालांकि ठंड का असर 5 डिग्री वाला अहसास किया गया है। मौसम प्रवक्ता का कहना है कि कल से आसमान साफ रहेगा हालांकि तापमान सामान्य के आसपास ही बने रहने की उम्मीद है।
साल के पहले दिन गुलजार रहे पार्क, धार्मिक और पर्यटन स्थल, पहले दिन खुशनुमा नजर आया शहर का माहौल
Author: Jai Lok







