जबलपुर (जयलोक)। पुलिस अधिकारी बनकर महिलाओं को ठगने वाले शातिर आरोपी पुलिस के लिए चुनौती बन गए हैं। शहर के कोतवाली और केंट इलाके में पूर्व में इस तरह की वारदातें हो चुकी हैं। जिसमें पुलिस आरोपियों का पीछा करते हुए महाराष्ट्र पहुँची यहां पुलिस को पेड़ पर लटके गहनें तो मिल गए लेकिन दोनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस गहनें लेकर शहर लौटी ही थी कि आज सुबह फिर इसी तरह की तीसरी घटना सामने आई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जिसमें पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
महिला कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली है जो आज सुबह हनुमानताल जैन मंदिर से वापस अपने घर लौट रही थी। तभी रास्ते में एक युवक पुलिसकर्मी बनकर महिला के गहनें उतरवा लिए और फरार हो गए। महिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि आज सुबह मंदिर से घर लौटने के दौरान एक युवक मिला और खुद को पुलिसकर्मी बताकर कहने लगा कि लूट और चोरी की वारदातें बढ़ रहीं हैं इसलिए गहनें उतारकर रख लें। उसके साथ कुछ और लोग भी थे, आरोपी ने महिला को अपनी बातों के जाल में उलझाया और विश्वास में लेकर उसके गहने उतरवा लिए। घटना के बाद ठग मौके से फरार हो गए। महिला को जब ठगी का एहसास हुआ, तो उसने तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
सीसीटीवी कैमरे की हो रही जाँच
इस मामले में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जाँच कर रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की शिनाख्त करने में जुटी हुई है। पुलिस को शक है कि यह करतूत एक ही गिरोह के सदस्यों की है।