
भोपाल (जयलोक)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का सबसे सुरक्षित माना जाने वाला वीवीआईपी चार इमली इलाका अब बदमाशों के लिए आसान निशाना बन गया है। चोरों ने पूर्व मंत्री और जबलपुर के पाटन से भाजपा विधायक अजय विश्नोई के सरकारी आवास में दिन दहाड़े सेंध लगा दी। खास बात यह है कि जिस बंगले में चोरी हुई, वह स्पेशल डीजी के आवास के ठीक सामने स्थित है। दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई इस वारदात की भनक वहां मौजूद किसी भी सुरक्षाकर्मी को नहीं लगी, जिससे इलाके की पुलिसिंग पर बड़े सवाल उठ रहे हैं। विधायक अजय विश्नोई को चार इमली में सरकारी आवास (डी-11/03) आवंटित है।
बदमाशों ने इस सूने बंगले में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने दरवाजों के ताले चटकाए और जिन दरवाजों के ताले नहीं खुले, उनके कुंडे ही जड़ से उखाड़ दिए। चोर बंगले के अंदर से पानी के नल (टोटियां) और अन्य सामान चुराकर आसानी से फरार हो गए।
हबीबगंज थाने में केस दर्ज- विधायक विश्नोई आमतौर पर महीने में सिर्फ तीन-चार दिन ही भोपाल प्रवास पर रहते हैं। बाकी दिनों में यह बंगला खाली रहता है। रविवार को जब वे अपने सरकारी आवास पर पहुंचे, तब उन्हें ताले टूटे होने और चोरी की इस घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना विधानसभा को दी। इस मामले में भोपाल के हबीबगंज थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई है। यह घटना इसलिए भी गंभीर है, क्योंकि ठीक सामने स्पेशल डीजी अजय शर्मा का आवास मौजूद है।
तेंदुए की चहलकदमी ने खमरिया में फैलाई दहशत, कभी कॉलेज तो कभी गुरूद्वारे को बनाया डेरा
Author: Jai Lok





