
जबलपुर (जयलोक)। भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को अब प्रदेश स्तर पर अपनी नई टीम का गठन करना है। प्रदेश भाजपा की नई टीम में जबलपुर के किन नेताओं को जगह मिलेगी इसको लेकर अटकलें का दौर भी शुरू हो चुका है। यह बताया जा रहा है कि नए प्रदेश अध्यक्ष को अपनी नई टीम चुनने के लिए केंद्रीय नेतृत्व से हरी झंडी मिल चुकी है। दिल्ली में मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह जैसे दिग्गज नेताओं से मुलाकात कर ली है और यह माना जा रहा है कि इस मुलाकात में नए प्रदेश अध्यक्ष को अपनी कार्यकारिणी गठित करने के लिए हरी झंडी मिल चुकी है। प्रदेश भाजपा संगठन में यदि अभी मौजूदा पदाधिकारीयों की संख्या के हिसाब से ही नई कार्यकारिणी का गठन हुआ तो 14 प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त होंगे और पाँच प्रदेश महामंत्री भी नियुक्त होंगे। प्रदेश भाजपा का एक संगठन मंत्री भी नियुक्त होगा तथा 13 प्रदेश मंत्री भी नियुक्त किए जाएंगे। एक कोषाध्यक्ष, एक सह कोषाध्यक्ष तथा एक प्रदेश कार्यालय मंत्री भी नियुक्त होना है।
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष रहे बीडी शर्मा की टीम में अभी तक जबलपुर से प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में सुमित्रा बाल्मीकि कार्य कर रही थीं। सुमित्रा बाल्मीक राज्यसभा की सदस्य चुनी गई हैं अब उनको दोबारा प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया जाता है या नहीं इसको लेकर उत्सुकता बनी हुई है। वहीं जबलपुर के सांसद आशीष दुबे भी वीडी शर्मा की टीम में प्रदेश मंत्री के पद पर नियुक्त रहे हैं। वहीं प्रदेश कोषाध्यक्ष के पद पर जबलपुर के जाने-माने चार्टर एकाउंटेंट अखिलेश जैन कार्यरत हैं। अब प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल जब अपनी नई टीम बनाएंगे तब महाकौशल के सबसे प्रमुख शहर जबलपुर से भाजपा के किस नेता को उपाध्यक्ष, महामंत्री और प्रदेश मंत्री बनते हैं इस पर सबकी नजऱें लगे हैं। अभी अखिलेश जैन प्रदेश के कोषाध्यक्ष हैं और हेमंत खंडेलवाल भी कोषाध्यक्ष के पद पर काम कर चुके हैं। अब यह देखना है कि नए प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश जैन को ही कोषाध्यक्ष का काम सौंपेंगे या उनकी जगह कोई नया कोषाध्यक्ष बनाएंगे इसको लेकर भी उत्सुकता बढ़ी है। प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के बाद भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न सात मोर्चों में भी पदाधिकारी नियुक्त होना है। अभी प्रदेश व्यापारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शरद अग्रवाल हैं। अब यह देखना है कि भाजपा के सात मोर्चा संगठनों में जबलपुर के किन नेताओं को पदाधिकारी बनाया जाता है।

Author: Jai Lok







