
जबलपुर (जयलोक)
कांग्रेस ने हाल ही में जबलपुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व विधायक विनय सक्सेना को पंजाब चुनाव में होशियारपुर लोकसभा सीट की कुछ विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाकर बड़ी जिम्मेदारी सौपीं है। श्री सक्सेना विगत कुछ दिनों से लगातार पंजाब की होशियारपुर सीट और इनके अधीन आने वाली विधानसभा के अंतर्गत कांग्रेस परिवार और यहां की विशिष्ट प्रभावी लॉबियों के बीच में समन्वय बनाकर पूरी एकजुटता के साथ कांग्रेस के प्रत्याशी के पक्ष में कार्य करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
पंजाब होशियारपुर लोकसभा सीट के अंतर्गत कांग्रेस के दो प्रभावी नेता विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा एवं वरिष्ठ पूर्व विधायक तिरपत सिंह बाजवा, वरिष्ठ नेता मनदीप सिंह के प्रभावी गुट हैं। इन दोनों लॉबियों के बीच में कुछ बिंदुओं पर मनमुटाव और विरोधाभास की स्थिति को दूर करने का जिम्मा कांग्रेस पार्टी ने पूर्व विधायक विनय सक्सेना को सौंपा था। हाल ही में इन दोनों गुटों के नेताओं को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में एक साथ भोजन पर एकत्रित कर इनके बीच के सभी विरोधाभासी बिंदुओं को दूर किया गया। इस कार्य में पूर्व विधायक विनय सक्सेना ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
पंजाब की होशियारपुर लोकसभा सीट से यामिनी गोमर को प्रत्याशी बनाया गया है। यह एक सामान्य परिवार से संबंध रखती हैं पढ़ी-लिखी और तेज तर्रार महिला प्रत्याशी को स्थानीय लोगों से काफी समर्थन प्राप्त हो रहा है।
हाल ही में कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं प्रभारी विनय सक्सेना ने पंजाब के कई प्रभावी नेताओं के साथ आगामी चुनाव और मतदान को लेकर रणनीति बनाई। आपसी समन्वय बनाकर सभी नेताओं को सभी लॉबियों को एक मंच पर लाकर कांग्रेस प्रत्याशी और पार्टी के पक्ष में कार्य करने का कार्य किया है।
होशियारपुर लोकसभा सीट के सभी प्रभावित प्रबुद्ध जनों एवं नेताओं से सामाजिक मजबूती रखने वाले घरानों से भी प्रभारी विनय सक्सेना एवं अन्य वरिष्ठ कांग्रेस के नेताओं ने मुलाकात कर पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की है। साथ ही कांग्रेस पार्टी द्वारा देश के हित में उठाई जा रही आवाज और मुद्दों को भी जन जन तक पहुँचाने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात
पंजाब में अंतिम चरण में होने वाले मतदान के पूर्व कांग्रेस और भाजपा दोनों ही अपने प्रभावी नेताओं को पंजाब के चुनावी मैदान में उतार चुकी है। इसी क्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी पंजाब में भाजपा के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे हैं। कल एक रात्रि भोज के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव से पूर्व विधायक विनय सक्सेना की मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों के बीच काफी देर तक विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। उच्च शिक्षा मंत्री रहते हुए भी डॉक्टर मोहन यादव एवं पूर्व विधायक विनय सक्सेना की विभिन्न विषयों पर कई बार मुलाकात हुई है। 1 जून को यहां मतदान हो जाएगा।

Author: Jai Lok







