
दूसरी धमकी-पति को उठा ले गए थे थाने कहा पत्नी को कभी मत आने देना जबलपुर
टीआई दोहरे ने बताया था मानसिक विक्षिप्त, सीएसपी गोठरिया भी दे रहे गोलमोल जवाब, पुलिस की काली करतूत को दबाने का प्रयास जारी
जबलपुर (जयलोक)। तुम्हें यह नहीं कहना है कि तुम्हारे साथ पुलिसकर्मियों ने बलात्कार करने का प्रयास किया… बल्कि तुम परेशान थी इसलिए तुमने यह आरोप लगाए ऐसा कह देना…. ध्यान रखना कि तुम्हारी पत्नी अब जबलपुर में काम करने आ ना पाए ….. पुलिस का कुछ नहीं उखाड़ सकती और पिटवाएंगे तुम्हें …. यह धमकियां उस महिला को मिल रही है जिसके साथ कुछ पुलिस कर्मियों और एक ऑटो चालक ने जबरदस्ती बलात्कार करने का प्रयास किया था । महिला का जिन्हें बयान लेने भेजा गया था वह भी प्यार भरे लहजे में धमका कर आ गए। दबाव डालकर गलत वीडियो बना लिया। लेकिन जो पीडि़ता थी उसने शब्दश: सच्चाई खोलकर रख दी। ऐसे दोषियों पर कार्यवाही कौन करेगा। थाना प्रभारी दोहरे और सीएसपी गौठरिया न्याय करने के बजाय पीडि़त महिला को धमकाने वालों का साथ दे रहे हैं।
6 सितंबर की रात को माढ़ोताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुछ पुलिसकर्मियों ने ऐसी शर्मानाक हरकत की जिससे पूरे जबलपुर पुलिस की छवि पर धब्बा लग रहा है। इस दाग को और गाढ़ा करने का काम थाना प्रभारी नीलेश दोहरे तो बेतुके बयान देकर कर ही रहे थे, अब सीएसपी बी एस गौठरिया न्याय की बात करने के बजाय रक्षक से भक्षक बने लोगों को बचाने का प्रयास करने में लगे हैं और बेतुके गोलमोल जवाब दे रहे हैं। इनको इतने गंभीर मामले की जानकारी नहीं है । जो बड़े आश्चर्य की बात है।

चुंगीनाका बोलकर मदन महल ले गए जबरदस्ती ऑटो में बैठाकर
पीडि़त महिला ने यह भी बताया कि जब उसे जबरदस्ती पुलिसकर्मी एक ऑटो में बैठाकर यह कहकर ले गए थे कि उसका पति चुंगीनाका पर खड़ा है लेकिन उसे दूसरे मदन महल की ओर वाले रास्ते पर ले जाने लगे तो महिला समझ गई और उसने शोर मचाना शुरू किया। इस दौरान उसकी कुछ चोटें भी आईं लेकिन पुलिस ने उसका भी मेडिकल नहीं करवाया। महिला से चलती ऑटो में ही बलात्कार का प्रयास किया गया उसके कपड़े उतारने और फाडऩे का प्रयास किया गया जिस पर महिला ने पलट कर पुलिस कर्मियों पर घूसें और लातों से मार कर खुद को बचाने का प्रयास किया और कूदने लगी। महिला को बेकाबू होता देख पुलिसकर्मी अपने साथियों के साथ वहीं उसको छोडक़र भाग गया।

दीनदयाल चौकी में नाबालिक लडक़ी से करवाई पिटाई
महिला ने बताया कि जब उसे वहां पर छोडक़र आरोपी लोग भाग गए तब उसने कुछ और लोगों से मदद मांगी उनके कहने पर महिला हेल्पलाइन पर इसकी शिकायत की गई। कुछ राहगीरों की मदद से वह वापस दीनदयाल चौकी आई और रिपोर्ट लिखाने का प्रयास किया। महिला ने बताया कि जब दीनदयाल चौकी पहुंची तो वहां पर मौजूद पुलिस वालों ने उसे मां बहन की गलियां बककर बात की। उसके बाद एक नाबालिक लडक़ी को वहां बुलवाया गया जिसने उसके साथ खूब गाली गलौज की और जम के मारपीट भी की और कहा कि पुलिस वाले ना उसका कुछ उखाड़ पाएंगे ना उसके साथ गलत करने वालों का कुछ हो पाएगा।

पानी में मिलाकर पिलाई गई शराब
महिला का कहना है कि वह अपने पति के न मिलने के कारण परेशान थी और बदहवास थी इस दौरान जब उसे ऑटो में बैठाकर ले जाया जा रहा था तब उसने पानी मांगा इस दौरान उसे पानी में शराब मिलाकर पिलाई गई। महिला ने कहा कि वह नशे में नहीं थी उसे हर एक कार्रवाई याद है किसने उससे क्या कहा उसे सभी बातें याद हंै ना ही वह मानसिक रूप से बीमार है। थाने के अधिकारी आरोपी कर्मियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
पति को उठाकर ले गए थाने
घटना दिनांक के बाद माढ़ोताल थाना पुलिस के कुछ लोग पीडि़त महिला के पति को जो की मजदूरी का कार्य करता है जबरदस्ती उठाकर दिन में ही थाने ले गए और उसे इस बात की धमकी दी गई कि वह तो जबलपुर में काम कर सकता है लेकिन उसकी पत्नी किसी भी हालत में जबलपुर नहीं आनी चाहिए। इसी बात से पीडि़त महिला डर गई और कहने लगी कि पेट के खातिर काम ज्यादा जरूरी है और वह शिकायत करने से पीछे हट जाएगी। अब महिला को इंसाफ मिले और दोषी पुलिस कर्मियों को सजा मिले जिन्होंने बलात्कार का प्रयास किया बयान बदलवाने का प्रयास किया झूठ बोलने का प्रयास किया। इन पर कानूनी कार्यवाही ना होना भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल लगाए रखेगा।
गए थे सच पता करने आ गए प्यार से धमका कर
इस मामले में हद तो तब हो गई जब वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सच्चाई जानने के लिए महिला एसआई एक एएसआई और एक महिला आरक्षक को मंडला में महिला से संपर्क करने के लिए भेजा गया था। मण्डला पहुंचे पुलिसकर्मियों ने भी महिला को प्यार से धमकाते हुए यह समझा दिया कि उसे अपना बयान बदलना है। महिला ने जय लोक को अपनी पूरी पीड़ा पूरी घटना बताई है। मंडला में उसके घर पहुंची महिला सब इंस्पेक्टर विनीता करोरिया, एएसआई बेनीराम उइके, महिला आरक्षक रुनीता ने कुछ और ही बात महिला को समझाई। महिला सब इंस्पेक्टर विनीता ने अकेले में महिला से बात करते हुए कहा कि देखो बेटा बहुत परेशानी हो जाएगी तुम इसीलिए यह आरोप मत लगाओ कि पुलिस कर्मियों ने तुम्हारे साथ गलत करने का प्रयास किया। तुम यह कह देना कि तुम्हारे और पति का झगड़ा हो गया था तुम परेशान थी पुलिस वाले तुम्हें मौके से भगा रहे थे रात होने के कारण इसलिए तुमने नाराज होकर ऐसे आरोप लगाए थे और अब तुम कोई शिकायत नहीं करना चाहती हो नहीं तो तुम्हारी बदनामी हो सकती है। यही बात समझ कर पुलिस ने महिला का कोई कार्यवाही नहीं करवाने संबंधी एक वीडियो बना लिया और लिखित में उसके बयान ले लिए। जब मामला उजागर हुआ और थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने महिला पर ही गंभीर आरोप लगा दिए और उसे मानसिक विक्षिप्त और शराबी बता दिया तो फिर महिला भी खुलकर सामने आ गई।
Author: Jai Lok







