
जबलपुर (जयलोक)
बरगी बांध जलभराव क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान हुई बारिश के बाद बरगी बांध का जलस्तर फिर अपनी निर्धारित क्षमता से अधिक पर पहुंच गया है। जिसके बाद शनिवार की शाम 4 बजे बांध के 5 गेट 1-1 मीटर उंचाई तक खोल दिए गए, इन 5 गेटों से नर्मदा में पानी प्रवाहित होने से नर्मदा का जलस्तर 3 से 4 फुट बढ़ गया है। जल स्तर बढ़ जाने के कारण निचले इलाकों में रहने वालों से सर्तकता बरतने कहा जा रहा हैं। बांध की कुल निर्धारित क्षमता 422.76 मीटर है वर्तमान में बांध का जलस्तर 423.40 मीटर तक पहुंच गया था। जिससे बांध के गेट खोलने का निर्णय लिया गया। डूब प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराने के बाद शनिवार की शाम 4 बजे 5 गेट खोले गए। बरगी बांध के गेट खोलने से नर्मदा के जलस्तर में उफान आ गया। रानी अवंतीबाई सागर परियोजना के कार्यपालन यंत्री अजय सूरे से प्राप्त जानकारी के अनुसार बरगी बांध जलभराव क्षेत्र मंडला, डिंडौरी, सिवनी में हो रही तेज बारिश की वजह से बरगी बांध में पानी में आवक तेज हो रही थी जिसके मद्देनजर बांध के 5 गेट 1-1 मीटर खोलने का फैसला लिया गया।
दर्शकों की लगी भीड़
बरगी बांध के पांच गेट खुल जाने के बाद आज रविवार को अवकाश के दिन एक बार फिर बड़ी संख्या में लोग बरगी बांध के खुले गेटों को देखने पहुँचे। बारिश के समय भी दर्शकोंं का तांता लगा रहता था। लेकिन बारिश थम जाने से यह सिलसिला थम गया था। जो आज फिर शुरू हुआ।

Author: Jai Lok







