
जबलपुर (जयलोक)। प्रेमी जोड़ों, नए शादीशुदा जोड़ों पर अभी प्यार का खुमार छाया हुआ है, क्योंकि वैलेंटाइन वीक जो चल रहा है। 7 फरवरी से शुरू हुआ वैलेंटाइन वीक कल 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे पर समाप्त होगा। इस दौरान प्रेमी युगल एक दूसरे को उपहार देकर अपने प्यार का इजहार करेंगे। कल वैलेंटासइन डे का खुमार आज से ही देखने को मिल रहा है। प्रेमी जोड़ों की खरीददारी के लिए दुकानों में तरह तरह के उपहार उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं आज इन दुकानों में भीड़ भी देखने को मिल रही है।
फरवरी का महीना प्यार का महीना कहलाता है, क्योंकि 7 फरवरी से लेकर 14 फरवरी तक कई तरह के अलग-अलग स्पेशल डेज सेलिब्रेट किए जाते हैं। कल 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे मनाया जाएगा। प्रेमी जोड़े हों या फिर कोई नए शादीशुदा जोड़े उनके लिए वैलेंटाइन डे काफी स्पेशल होता है। हर कोई अपने-अपने तरीके, अंदाज में इस दिन को स्पेशल बनाते हैं और एक-दूसरे के साथ प्यार भरे पल बिताते हैं। प्रेमी जोड़े एक-दूसरे को गिफ्ट्स देते हैं, डिनर प्लान करते हैं, लॉन्ग ड्राइव पर जाते हैं। इसी दिन को खास बनाने के लिए व्यापारियों ने भी अपने अपने स्तर पर तैयारियाँ की हैं। कल के लिए जहां होटल, रेस्टारेंट सजाए जा रहे हैं तो वहीं जोड़ों के लिए स्पेशल डिनर की तैयारी भी की जा रही है। इसके साथ ही दुकानों में आकर्षक उपहार भी देखने को मिल रहे हैं।

उपहारों से सजा बाजार
बाजार भी इस दिवस के लिए सजा दिये गये हैं। बाजारों में विभिन्न प्रकार के गुलाब उपलब्ध कराए गए हैं। फूल व्यापारियों का कहना है कि कोई बुके खरीददाता है तो कोई गुलाब की स्टिक ले जाता है। सभी अपनी सुविधा और बजट के अनुसार खरीददारी करते हैं। वहीं दुकानों में टेडी, फोटो प्रेम, चॉकलेट सहित कई उपहार उपलब्ध हैं। बाजारों में आज से ही प्रेमी जोड़ों ने खरीददारी शुरू कर दी है।

विरोधी भी तैयार
वहीं इस दिन का विरोध करने वालों की भी कमी नहीं हैं। वेलेंटाईन डे विदेशों से आयी पाश्चात्य संस्कृति की देन है जो खुलेआम अश्लीलता व फूहड़ता को बढ़ावा देने के लिए है। यह कहना है हिंदू धर्मसेना के कार्यकर्ताओं का। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में इस बेशर्मी का कोई स्थान नहीं है।

अगर वेलेंटाईन डे के नाम पर कहीं भी अश्लीलता दिखाई दी तो हिन्दु धर्म सेना हस्तक्षेप करके पुलिस को इसकी सूचना देगी। धर्म सेना के प्रदेश अध्यक्ष नीरज राजपूत ने केन्ट थाना प्रभारी को इस सम्बंध में ज्ञापन सौंपा और उन्हें बताया कि धर्म सेना के कार्यकर्ता सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण करके वेलेन्टाईन डे और उसके नाम पर होने वाली अश्लीलता का खुलकर विरोध करेंगे।
Author: Jai Lok






