
जबलपुर (जयलोक)। महाराष्ट्र शिक्षण मंडल अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण कर गौरवशाली शताब्दी वर्ष मना रहा है। इस शताब्दी समारोह में त्रि-दिवसीय कार्यक्रम में कल 27 दिसम्बर को मानस भवन में किया जाएगा। सिजकी शुरूवात महाराष्ट्र विद्यालय के पूर्व छात्रों के सम्मेलन से होगी, जिसके मुख्य अतिथि विधायक अशोक रोहाणी होंगे। इसी दिन पूर्व वरिष्ठ छात्रों का सम्मान एवं हास्यव्यंग कलाकार के. के. नायकर की प्रस्तुति के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। शाम 6 बजे मुंबई से आमंत्रित हास्य व्यंग कलाकार समीर चौघुले का कार्यक्रम होगा।

शताब्दी समारोह का मुख्य कार्यक्रम 28 दिसम्बर को सुबह 11 बजे मानस भवन में होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य एवं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की अध्यक्षता में होगा।

इस कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह एवं राव उदय प्रताप सिंह शिक्षा मंत्री, म.प्र. विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। 28 दिसम्बर को ही शिक्षण मंडल के सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान तथा शिक्षण मंडल के अन्तर्गत कार्यरत् विद्यालयों के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जायेगा। शाम 6 बजे पुणे महाराष्ट्र से आमंत्रित गायक कलाकार ऋषिकेश रानाडे एवं श्रीमती मधुरा दातार मराठी/हिन्दी गीतों को प्रस्तुत करेंगे। शताब्दी समारोह के अंतिम दिन 29 दिसम्बर को महाकौशल विद्यालय एवं महाराष्ट्र विद्यालय के पूर्व छात्रों का सम्मेलन होगा।

जिसके मुख्य अतिथि महाकौशल विद्यालय के पूर्व छात्र पूर्व क्षेत्र के विधायक लखन घनघोरिया होंगे। इस कार्यक्रम में विशिष्ट उपलब्धि प्राप्त पूर्व छात्रों एवं प्राविण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों का सम्मान किया जायेगा एवं महाकौशल विद्यालय एवं महाराष्ट्र महाविद्यालय के छात्रों द्वारा रंगारंग प्रस्तुति दी जायेगी।
Author: Jai Lok







