
सागर (जयलोक)
मध्य प्रदेश के सागर जिले में मंगलवार देर रात मां और उसकी दो बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। तीनों के शव पुलिस कंट्रोल रूम से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित एक तीन मंजिला मकान में मिले हैं। पति के घर पहुंचने पर उसने खून से लथपथ शव घर में पड़े देखे।
बेरहमी से की गई हत्या
घर की हालत देखकर साफ हो गया था कि तीनों की बेरहमी से हत्या की गई है। वंदना और उसकी बड़ी बेटी अवंति का शव किचन में पड़ा था, जबकि छोटी बेटी की लाश कमरे में पड़ी थी। तीनों के सिर से खून बह रहा था। मां और बड़ी बेटी के शव को देखकर ऐसा लग रहा था कि सिर दीवार से मारने और किसी पेंचकस जैसी नुकीली चीज से सिर व अन्य जगह वार कर उनकी हत्या की गई।
हत्या की वजह साफ नहीं
मृतका वंदना पटेल के भाई चिराग पटेल ने बताया कि पुलिस रात 2.30 बजे तक घटना स्थल की जांच करती रही और सबूत जुटाती रही। हांलाकि, भी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि तीनों की हत्या क्यों की गई और किसने की है। वारदात के समय मृतका का पति जिला अस्पताल में ही मौजूद था। माता-पिता और बेटियों के अलावा मृतका की सास भी उनके साथ रहती थी। लेकिन, कुछ दिन पहले वह इलाज कराने के लिए भोपाल चली गई थीं।

Author: Jai Lok







