Download Our App

Home » अपराध » मेडिकल एम्बुलेंस संचालकों में वर्चस्व की लड़ाई में चली गोली: हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने डम्पर से दीवार तोड़ी

मेडिकल एम्बुलेंस संचालकों में वर्चस्व की लड़ाई में चली गोली: हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने डम्पर से दीवार तोड़ी

जबलपुर (जयलोक)
मेडिकल अस्पताल में एम्बुलेंस संचालकों की लड़ाई गोलीबारी तक पहुँच गई है। पूर्व कलेक्टर इलैया राजा टी ने मेडिकल में एंबुलेंस माफिया के खिलाफ  प्रभावी कार्यवाही की थी लेकिन उसके बाद से यह मामला ठंडे बस्ते में चला गया। एक बार फिर एंबुलेंस माफिया अपनी धाक जमाने के लिए हिंसक घटनाओं का अंजाम दे रहा है। मेडिकल में सक्रिय एक संस्था के संचालक और एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश का गठजोड़ इसके पीछे सक्रिय बताया जा रहा है। पुलिस के सामने बहुत सारी बातें आई हैं इनकी निष्पक्ष जाँच के बाद कई खुलासे होंगे। थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा का कहना है कि पीडि़त पक्ष को बयान देने थाने बुलाया गया है उनके बयान के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। दूसरी ओर मेडिकल परिसर में इस बात की चर्चा गर्म है कि यह पूरा मामला एंबुलेंस माफिया के वर्चस्व से जुड़ा हुआ है।
एक ओर जहाँ एम्बुलेंस संचालक मरीजों से मनमानी रकम वसूल कर उन्हें लूट रहे हैं वहीं वर्चस्व की लड़ाई में एक दूसरे के जान के दुश्मन भी बन गए हैं। जिसका एक उदाहरण तिलवारा थाना अंतर्गत सामने आया है। जहाँ एक एम्बुलेंस संचालक ने दूसरे एम्बुलेंस संचालक के घर को पहले तो डंपर से तोड़ा फिर हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। इस हमले की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।
पूर्व में भी कई बार एंबुलेंस माफिया को संचालित करने वाले लोगों की गुंडागर्दी की बातें सामने आई हैं, कल की हिंसक घटना से यह बात साबित हो गई है कि मेडिकल में एम्बुलेंस संचालकों की गुंडागर्दी और मनमानी चरम पर है।
एम्बुलेंस संचालकों से अब तक मरीज परेशान होते थे जिसमें मेडिकल प्रबंधन ऐसी बात को नकार देता था। लेकिन अब वर्चस्व को लेकर एम्बुलेंस संचालकों के बीच जिस प्रकार से गोलियाँ चलाईं गईं उससे अब एम्बुलेंस संचालकों की गुंडागर्दी और लूट खसोट से इंकार नहीं किया जा सकता है।  तिलवारा थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा का कहना है कि विवाद दो एम्बुलेंस संचालकों के बीच हुआ था जिसमें एक ने दूसरे के घर की दीवार तोड़ते हुए हवाई फायरिंग की थी। इस मामले में शास्त्री नगर बाजना मठ निवासी फरियादी बबलू बाल्मीक ने शिकायत दर्ज कराई है कि देर रात बड्डू पटेल ने उसके घर की दीवार तोड़ते हुए हवाई फायरिंग की। यह पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। हालांकि गोली चलने के मामले में पुलिस पता लगा रही है कि आरोपी ने कितने राउंड फायर किए हैं।
 मेडिकल में चलती हैं दोनों की एम्बुलेंस
मेडिकल कॉलेज में एंबुलेंस के कारोबार में वर्चस्व को लेकर बड्डू पटेल और बबलू बाल्मीक के बीच कई दिनों से विवाद चला आ रहा है। रूपये पैसे के खेल में ये एम्बुलेंस संचालक मरीजों को निजी अस्पतालों में ले जाते थे। इसी बीच मरीजों को एम्बुलेंस में बैठाने को लेकर इनका विवाद चला आ रहा है।
पुराना बदमाश है बड्डू पटेल
पुलिस सूत्रों के अनुसार बड्डू पटेल क्षेत्र का पुराना बदमाश है जिसके खिलाफ कई मामले थाने तक पहुँच चुके हैं। जो पिछले कई सालों से मेडिकल में एम्बुलेंस चलाने का काम करता है। इस मामले में इसके अन्य साथी जीतू पटेल, हर्ष यादव, श्रीकांत राय के नाम भी सामने आ रहे हैं। कहा जा रहा है कि आरोपी एम्बुलेंस संचालन में मेडिकल में किसी को भी नहीं रहने देना चाहता। ऐसे में वह उसके अलावा अन्य एम्बुलेंस संचालकों के साथ भी विवाद करता है।
पैसे के लिए दी थी धमकी
पीडि़त बबलू की भाभी सविता बाल्मीक ने बताया कि बड्डू पटेल पुराना अपराधी है और उसने मेडिकल में उनके एंबुलेंस चलाने के बदले में पैसे की माँग की थी। पैसा देने से इनकार करने पर वह एंबुलेंस नहीं चलने दे रहा था और इसी बात को लेकर कल दहशत फैलाने के उद्देश्य से उसने उनके घर पर हमला किया।
किसका था डंपर
पुलिस इस बात की भी जाँच कर रही है कि घटना में उपयोग किया गया डंपर किसका था और उसे कौन चला रहा था। सीसीटीवी फुटेज में साफ  नजर आ रहा है कि डंपर में कंडक्टर साइड बैठे व्यक्ति ने गोली चलाई है। पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जाँच कर रही है। पीडि़त पक्ष दोपहर बाद थाने में उपस्थित होकर अपनी एफआईआर दर्ज कर रहा था शाम तक इस मामले में स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी।
इनका कहना है
दो एम्बुलेंस संचालकों के बीच विवाद हुआ था। जिसमें बड्डू पटेल ने बबलू बाल्मीक के घर की दीवार तोडक़र फायरिंग की है। फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।

ब्रजेश मिश्रा,
तिलवारा थाना प्रभारी

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » अपराध » मेडिकल एम्बुलेंस संचालकों में वर्चस्व की लड़ाई में चली गोली: हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने डम्पर से दीवार तोड़ी