
जबलपुर (जय लोक) मुनाफाखोरी और कमीशन खोरी के खेल में गले तक फंस चुके विजयनगर में स्थित स्टेम्प फील्ड स्कूल के संचालक पर्व जायसवाल और अन्य अब शासन के साथ धोखाधड़ी और चालबाजी करने पर भी उतर आए हैं। इस स्कूल के प्राचार्य पुलिस की पकड़ में आने के बाद जेल में हैं और पूरे खेल के मुख्य आरोपी संचालक डायरेक्टर पर्व जायसवाल, श्रीमती मधुरानी जयसवाल अध्यक्ष, प्रशासक श्रीमती सुप्रिया जयसवाल प्राचार्य मनमीत कोहली के खिलाफ 420, 409,468 ,471 ,120 बी के तहत अपराधिक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पर्व जायसवाल विदेश भाग गया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं। आज इस स्कूल द्वारा सीधे प्रशासन को चुनौती देते हुए साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ कर उन किताबों को अभिभावकों से वापस लेने का काम किया गया जिनके फर्जी होने एवं कमीशनखोरी के जरिए खरीदी किए जाने के आरोप में एफआईआर दर्ज हुई है। सूत्रों के अनुसार यह भी आपराधिक कृत्य की श्रेणी में आता है क्योंकि यह पूरा मामला सीधे तौर पर साक्ष्य से छेड़छाड़ कर मामले को गुमराह करने और प्रशासन और पुलिस को धोखा देने का है।

कलेक्टर के पास पहुँची शिकायत
जैसे ही स्टेम्म फील्ड स्कूल के प्रबंधक द्वारा बच्चों के अभिभावकों पर इस बात का दबाव बनाया गया कि वे रविवार के दिन स्कूल में आकर कुछ चिन्हित किताबों को वापस जमा करवाएं। दाल में काला नजर आते ही कुछ अभिभावकों ने इसकी शिकायत सीधे कलेक्टर दीपक सक्सेना को कर दी।

एसडीएम शिवाली सिंह के नेतृत्व में छापा मारने पहुँची टीम
कलेक्टर दीपक सक्सेना ने सूचना मिलते ही तत्काल एसडीएम अधारताल शिवाली सिंह को स्कूल में जाकर जाँच पड़ताल करने के निर्देश दिए। एसडीएम शिवाली सिंह के साथ तहसीलदार एवं जिला शिक्षा अधिकारी और उनका स्टाफ भी मौके पर पहुँचा। छापा मारा शैली में दी गई दबिश के दौरान एसडीएम के समक्ष चार पांच अभिभावक मौजूद मिले।


अभिभावकों के दर्ज किए गए बयान
एसडीएम शिवाली सिंह ने बताया कि मौके पर मौजूद कुछ अभिभावकों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। जिससे यह स्पष्ट है कि स्कूल प्रबंधन ने दबाव डालकर अभिभावकों को आज रविवार के दिन किताब वापस करने के लिए स्कूल बुलाया था।
मैसेज भी किया, 10:30 बजे रात तक लगाए फोन
अभिभावकों ने कलेक्टर दीपक सक्सेना को शिकायत कर बताया कि उन्हें स्कूल प्रबंधन द्वारा व्हाट्सएप गु्रप पर मैसेज कर आज रविवार के दिन किताब जमा करने के लिए बुलाया गया। मौके पर मौजूद अभिभावकों ने एसडीएम शिवाली सिंह को बताया कि उनके पास स्कूल प्रबंधन की ओर से रात में 10:30 बजे तक फोन आए हैं कि उन्हें आज जाकर हर हाल में किताबें जमा करनी है।
दर्जनों किताबें हुई जप्त
स्टेम फील्ड स्कूल संचालक के निर्देश पर प्रबंधक द्वारा अभिभावकों से वापस बुलवाई गई किताबों को एसडीएम की मौजूदगी में टीम ने जप्त कर लिया है। तीन दर्जन से अधिक किताबों को जप्त किया गया है।
स्टेम्प फील्ड स्कूल ने खेला फर्जी किताबों का खेल
प्रशासन ने स्टेम्प फील्ड स्कूल के संचालक डायरेक्टर पर्व जैसवाल, श्रीमती मधु रानी जैसवाल चेयरमेन, प्रशासक श्रीमती सुप्रिया जैसवाल, प्राचार्य मनमीत कोहली के खिलाफ धारा 420, 409, 468, 471, 120बी की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार पर्व जैसवाल विदेश यात्रा पर है। जैसे ही वे वापस आएंगे उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। एफआईआर में इस बात का उल्लेख किया गया है कि स्टेम्प फील्ड स्कूल द्वारा बिना प्रशासन की अनुमति के फीस में वृद्धि की गई है। इसकी जानकारी छुपाई गई, विद्यालय प्रबंधन द्वारा चयनित कई पुस्तकों में फर्जी आईएसबीएन नम्बर दर्ज हैं। पोर्टल में जिसका मिलान नहीं होता, आज इन्हीं संबंधित किताबों को अभिभावकों पर दबाव डालकर वापस जमा करवाने की शिकायत जिला कलेक्टर को मिली थी जिस पर यह कार्रवाही हुई है। स्टेम्प फील्ड स्कूल द्वारा अधिकांश फर्जी और डुपलीकेट आईएसबीएन नम्बर वाली पुस्तकों को पाठयक्रम में शामिल करने का उल्लेख एफआईआर में दर्ज हैं। पुस्तकों की कीमत कई गुना बढ़ाकर दर्ज की गई है। विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुस्तक विके्रता राधिका बुक डिपो और कथित प्रकाशक के साथ मिलकर आपराधिक संलिप्तता कर फर्जी पुस्तकों को विक्रय कर अनुचित लाभ कमाया गया है। यह सभी कृत्य धोखाधड़ी की श्रेणी में आते हैं। इस प्रकरण में पुलिस ने प्राचार्य मनमीत कोहली, न्यू राधिका बुक डिपो के संचालक आलोक इंदुरखिया और राम इंदुरखिया को गिरफ्तार कर लिया है। ये सभी वर्तमान में जेल में हैं।
गंभीर कृत्य ,सीधे तौर पर साक्ष्य से छेड़छाड़ का मामला – कलेक्टर
कलेक्टर दीपक सक्सेना ने कहा कि शहर के स्कूल संचालकों को यह समझ जाना चाहिए कि प्रशासन इस पूरे मामले में पूर्ण गंभीरता के साथ कार्यवाही कर रहा है। इस प्रकार के कृत्य अपराधिक श्रेणी में आते हैं। यह सीधे तौर पर साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ का मामला है। पुलिस को भी अग्रिम कार्रवाई के लिए सूचना दी जा रही है।
जागरुक हैं अभिभावक हर गतिविधि की सूचना पहुँच रही प्रशासन तक
इस पूरे मामले में एक बात यह स्पष्ट रूप से समझ आ रही है कि अब जिले के अभिभावक पूर्ण रूप से जागरूक हंै। शिक्षा माफिया के खिलाफ जिला प्रशासन की इस मुहिम को अभिभावकों का पूर्ण समर्थन प्राप्त हो रहा है। स्कूल संचालकों द्वारा किसी भी प्रकार की बदमाशी किए जाने की स्थिति में तत्काल छोटी से छोटी और बड़ी सी बड़ी बात की जानकारी जिला प्रशासन तक पहुँच रही है।
ये अधिकारी थे मौके पर
जिला प्रशासन को सूचना मिली थी कि आज रविवार के दिन स्कूल प्रबंधन की ओर से अभिभावकों को कुछ पुस्तकें लेकर स्कूल बुलाया था। ये वह पुस्तकें हैं जिन पर कार्रवाही चल रही है। अभिभावकों को दस से बारह के बीच बुलाया गया था। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम यहाँ कार्रवाही करने पहुुँची और कुछ पुस्तकें जप्त की गई हैं। अभिभावकों ने जो पुस्तकें जमा की है उसकी जाँच की जाएगी। –घनश्याम सोनी जिला शिक्षा अधिकारी
सूचना मिली थी कि स्टेम्प फील्ड स्कूल द्वारा सुबह अभिावकों को बुलाकर पुस्तकें जमा करवाई जा रहीं थी। जबकि इस मामले में कार्रवाही चल रही है तो ऐसे समय में अभिभावकों को बुलाकर पुस्तकें जमा करवाना साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया गया है। यह वहीं किताबें है जिन पर फर्जी आइएसबीएन का आरोप लगा है। जाँच की जा रही है, मौके पर कुछ अभिभावक मिले जिनसे पूदताछ में साफ हो गया कि रात को कॉल और मैसेज स्कूल की तरफ से आए थे। -शिवाली सिंह, एसडीएम
Author: Jai Lok






