Download Our App

Home » दुनिया » राहुल ने सरकार पर लगाया पक्षपात का आरोप, मैं विपक्ष का नेता, फिर भी मुझे बोलने नहीं दे रहे

राहुल ने सरकार पर लगाया पक्षपात का आरोप, मैं विपक्ष का नेता, फिर भी मुझे बोलने नहीं दे रहे

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन हंगामे और स्थगन के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष का नेता होने के बावजूद उन्हें लोकसभा में बोलने नहीं दिया गया। सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद राहुल ने संसद भवन के बाहर संवाददाताओं से कहा, रक्षा मंत्री और सरकार के अन्य लोगों को बोलने की इजाजत है, लेकिन विपक्षी नेताओं को बोलने नहीं दिया जा रहा। मैं विपक्ष का नेता हूं, बोलना मेरा अधिकार है, मुद्दे उठाना मेरा काम है, लेकिन वे मुझे बोलने नहीं दे रहे।
सरकार एक नया तरीका अपना रही
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक नया तरीका अपना रही है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन से चले गए। अगर वे अनुमति दें तो चर्चा हो सकती है, लेकिन मुद्दा यह है कि परंपरा कहती है कि अगर सरकार के नेताओं को बोलने की अनुमति है, तो हमें भी जगह दी जानी चाहिए। हम बोलना चाहते थे, लेकिन हमें अनुमति नहीं दी गई।
ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग पर हंगामा
इससे पहले लोकसभा में कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी सदस्य ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की मांग करते हुए खड़े हो गए। ऑपरेशन सिंदूर के तहत पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया था। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि वह प्रश्नकाल के बाद सदस्यों को ऑपरेशन सिंदूर सहित सभी मुद्दे उठाने की अनुमति देने के लिए तैयार हैं। प्रश्नकाल दिन का पहला घंटा होता है, जिसमें सदस्य विभिन्न मंत्रालयों और विभागों से संबंधित प्रश्न उठाते हैं।
पहलगाम के दोषी पकड़े नहीं गए…और ट्रंप के दावे पर सरकार जवाब दे: खडग़े
उधर कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खडग़े ने पहलगाम आतंकी हमले और फिर भारत-पाक सीजफायर को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बार-बार किए जा रहे दावे पर सवाल किए। उन्होंने कहा, कि पहलगाम हमले के आतंकी न तो अब तक पकड़े गए हैं और न ही मारे गए, वहीं डोनाल्ड ट्रंप कह रहे हैं कि जंग उन्होंने रुकवाई और सरकार हमें कुछ बता नहीं रही। उच्च सदन में इस विषय पर चर्चा की मांग की गई थी, जिस पर उचित समय पर बहस कराने की बात सदन में कही गई, इस पर विपक्षी सांसदों ने जोरदार हंगामा किया, जिसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही भी 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
नॉमिनेटेड सदस्यों को दिलाई गई शपथ
उच्च सदन में नॉमिनेटेड डॉक्टर मीनाक्षी जैन, सी सदानंद मास्टर और हर्षवर्धन श्रृंगला को सदस्यता की शपथ दिलाई गई। प्रारंभ में राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने नॉमिनेटेड सदस्यों को सदस्यता की शपथ दिलाई।
दोनों सदनों में पहलगाम घटना पर जताया शोक
संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) में पहलगाम आतंकी हमले पर शोक व्यक्त किया गया। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि इस घटना ने न सिर्फ देश बल्कि वैश्विक चेतना को गहरा आघात पहुंचाया है। इस घटना में जान गंवाने वालों के प्रति यह सभा गहरा शोक व्यक्त करती है।

 

दैनिक जयलोक – प्रणाम जबलपुर-87 वॉ व्यक्तित्व, भारती वत्स : कविता से जेंडर सरोकारों तक की सक्रियता राजेंद्र चन्द्रकान्त राय

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » दुनिया » राहुल ने सरकार पर लगाया पक्षपात का आरोप, मैं विपक्ष का नेता, फिर भी मुझे बोलने नहीं दे रहे