
तीन दिवसीय ‘उदय 2026’ इंडक्शन प्रोग्राम का गरिमामय समापन
जबलपुर, (जयलोक)। बड़ेरिया ग्लोबल इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट, जबलपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत, मार्गदर्शन एवं उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय ‘उदय 2026’ इंडक्शन प्रोग्राम का उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय समापन हुआ। कार्यक्रम में मैनेजमेंट, पॉलिटेक्निक सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समापन अवसर पर बड़ेरिया ग्लोबल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. सौरभ बड़ेरिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी कौशल एवं बेहतर व्यक्तित्व प्रदान करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए निरंतर सीखने तथा बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डायरेक्टर डॉ. राजीव खत्री ने स्वागत उद्बोधन दिया। संस्थान की डिप्टी डायरेक्टर डॉ. निहारिका यादव ने विद्यार्थियों को प्रभावी प्रबंधन की बारीकियों से अवगत कराते हुए एक सफल मैनेजर बनने के लिए आवश्यक नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की कला एवं टीम प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

मोटिवेशनल स्पीकर ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
विशिष्ट अतिथि एवं मोटिवेशनल स्पीकर श्री अफजल अहमद ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, आत्मविश्वास एवं कौशल विकास के महत्व पर प्रेरक मार्गदर्शन दिया। वहीं, एमबीए विभाग के डीन डॉ. शैलेंद्र बसेडिय़ा ने विद्यार्थियों को एमबीए पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली एवं अकादमिक प्रक्रियाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

उत्कर्ष प्रदर्शन करने वाले सम्मानित हुए विद्यार्थी
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभिन्न स्थान प्राप्त करने वाले महाविद्यालय के विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम की एनसीसी कैडेट जानवी मुद्गल को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
जानवी मुद्गल को प्रतिष्ठत एनसीसी यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम42 के अंतर्गत रिपब्लिक डे कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर वियतनाम जाने का अवसर प्राप्त हुआ है।कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर प्रसन्न पाठक ने किया। अंत में रजिस्ट्रार प्रो. पूर्णानंद दुबे ने आभार प्रदर्शन करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।


Author: Jai Lok






