
जबलपुर जय लोक। 3 अक्टूबर की देर शाम कांच घर से निकलने वाले दुर्गा विसर्जन के चल समारोह में अचानक तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई और दो पक्ष आपस में टकरा गए। इस बीच जमकर गोलियां चलाई गई। इस हवाई फायरिंग के कारण वहां भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई। सूत्रों के अनुसार यह टकराव विधायक लखन घनघोरिया और पूर्व विधायक अंचल सोनकर के समर्थकों के बीच होने की चर्चा तेजी से क्षेत्र में फैली।

हालांकि पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिटी आयुष गुप्ता और एएसपी अंजना तिवारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति नियंत्रित की।

इस बीच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने विधायक लखन घनघोरिया और पूर्व विधायक अंचल सोनकर से चर्चा कर स्थिति को सामान्य बनाने में अहम भूमिका अदा की। पुलिस अधीक्षक संपर्क उपाध्याय के निर्देश पर दोनों पक्ष के लोगों को शांत करने के लिए यह प्रयास किए गए। जिसके परिणाम स्वरूप विधायक लखन घनघोरिया एवं पूर्व विधायक अंचल सोनकर ने मंचों से अपने समर्थकों को शांत करवाते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान ना दें यह उनके बीच में टकराव बढ़ने की साजिश की जा रही है।

दोनों नेता द्वय एक स्वर में कहा कि उनके बीच में विचारों को लेकर मतभेद हो सकता है लेकिन विधानसभा और क्षेत्र के विकास और शांति के मामले में भी मिलकर एक साथ खड़े हैं।
इसके बाद स्थिति काफी हद तक सामान्य हुई और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में चल समारोह पूरी तरीके से शांतिपूर्वक तरीके के साथ संपन्न हुआ।
गोली चलाने की घटना की पुष्टि करने वाले कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं। जिनके आधार पर पुलिस अब हवाई फायरिंग करने वालों की पहचान कर रही है। घटना कैसे प्रारंभ हुई किस वजह से बात इतनी गंभीर हो गई इस बारे में अभी पुलिस भी स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कह पा रही है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है। इस गंभीर घटना को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैल रही हैं।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने स्पष्ट रूप से कहा है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में स्थिति पूरी तरीके से नियंत्रण में है। सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Author: Jai Lok








