
जबलपुर (जयलोक)। शहर में रहने वाली लुटेरी दुल्हन ने यूपी के दुल्हे को लूटकर उसके लाखों के जेवर पार कर दिए। जब तक इसकी भनक दुल्हे को लगी तब तक लुटेरी दुल्हन अपने साथियों के साथ फरार हो चुकी थी। जिसके बाद इसकी शिकायत दुल्हे ने गौरीघाट थाने में की।

पीडि़त युवक यूपी के ललितपुर का रहने वाला है। जिसने पुलिस को बताया कि शादी के नाम पर उससे लाखों रूपये लिए गए। युवक ने बताया कि जबलपुर की रहने वाली युवती के साथ सामाजिक रीतिरिवाज के साथ उसने शादी की थी। शादी के कुछ दिन बाद, दुल्हन के मायके वालों ने पगफेरे या मेल-मिलाप की रस्म के बहाने दूल्हे को सपरिवार जबलपुर आमंत्रित किया। ससुराल पक्ष के निमंत्रण पर दूल्हा अपने परिजनों के साथ खुशी-खुशी जबलपुर पहुंचा, लेकिन उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि यह निमंत्रण उसे लूटने की एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा था। पीडि़त ने बताया कि ससुराल में शुरुआती व्यवहार सामान्य रहा, जिससे किसी को शक नहीं हुआ। ससुराल वालों ने उसे नर्मदा तट स्थित गौरीघाट घूमने का प्रस्ताव दिया। जब दूल्हा और उसके परिजन दर्शन के लिए निकले, तभी आरोपियों ने मौका पाकर उसके बैग में रखे लाखों रुपये नकद और कीमती जेवरात पार कर दिए। वापस लौटने पर जब सामान गायब मिला और दुल्हन भी घर से नदारद पाई गई, तब जाकर पीडि़त को ठगे जाने का एहसास हुआ।

गिरोह फिर सक्रिय होने की आशंका – इस घटना के बाद शहर में फिर से लुटेरी गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जाहिर की जा रही है। युवक ने बताया कि शादी में उसे लाखों के जेवर और उपहार मिले थे जो उसकी पत्नी के पास थे। इतना ही नहीं जब दुल्हे ने इस बात की जानकारी अपने ससुराल पक्ष से जाननी चाही तो ससुराल वालों ने उसे पहचानने से इंकार कर दिया जिसके बाद उसने इसकी शिकायत थाने में की। लेकिन तब तक ससुराल वाले भी फरार हो गए। अब पुलिस ने दुल्हन और उसके परिवार वालों की तलाश में जुटी हुई है।

Author: Jai Lok







