
जबलपुर (जय लोक)
राजस्थान के चाकसू में हुए सडक़ हादसे में जान गवाने वाले पाँच लोगों की मौत से मातम छाया हुआ है। उज्जैन दर्शन के बाद सभी कार से खाटूश्याम दर्शन को जा रहे थे तभी रास्ते में उनकी कार सामने से जा रहे एक ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार पाँचों लोगों की मौत हो गई। पाँचों के शवों को कल शाम को शहर लाया गया। जहां शव देखकर परिवार में चीख पुकार मच गई। आज सुबह सभी का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।
जान गंवाने वालों में चार युवकों और एक शिक्षिका शामिल हैं। कल जैसे ही लोगों को शवों के शहर पहुँचने की जानकारी मिली तो मृतकों के घरों के बाहर भीड़ लग गई। घरों के बाहर मातम पसरा रहा और हर तरफ चीख-पुकार व चीत्कार का मार्मिक दृश्य देखने को मिला। आज सुबह पांचों मृतकों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। जैसे ही अर्थियां उठीं, परिजनों के साथ- साथ क्षेत्र वासियों की आंखे नम हो गईं। क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है और बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए।

पोस्टमार्टम के बाद राजस्थान से आये शव
नक्षत्र नगर माढ़ोताल निवासी 55 वर्षीय शिक्षिका रेशमा श्रीवास्तव अपने मुंहबोले भतीजे और अन्य युवकों के साथ 12 फरवरी को दर्शन के लिए उज्जैन गई थीं। वहां बाबा महाकाल के दर्शन के बाद सभी लोग खाटूश्याम के लिए रवाना हुए थे। शनिवार तडक़े राजस्थान राज्य में नेशनल हाईवे-52 पर उनकी कार एक ट्राला से टकरा गई। जान गवांने वाले पाँचों लोगों का राजस्थान के चाकसू में पोस्टमार्टम किया गया।

आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद रविवार दोपहर करीब दो बजे एक एंबुलेंस से शवों को जबलपुर के लिए रवाना किया गया, जो देर रात शहर पहुंचे। शवों के शहर पहुँचते ही उनके अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू की गई। आज सुबह होते ही पाँचों शवों का अंतिम संस्कार किया गया।

त्रिपुर सुंदरी में मिठाई खाने से 20 लोग हुए बीमार, 4 को इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया
Author: Jai Lok






