Download Our App

Home » राजनीति » साधारण सभा की बैठक में कांग्रेस पार्षदों ने दिया धरना, फ्लाई ओवर निर्माण का श्रेय और कचरा कलेक्शन पर आमने सामने आए भाजपा-कांग्रेस पार्षद

साधारण सभा की बैठक में कांग्रेस पार्षदों ने दिया धरना, फ्लाई ओवर निर्माण का श्रेय और कचरा कलेक्शन पर आमने सामने आए भाजपा-कांग्रेस पार्षद

जबलपुर (जयलोक)। नगर निगम साधारण सभा की बैठक की शुरूआत ही आज हंगामेदार रही। हंगामें का कारण फ्लाई ओवर और डोरॅ टू डोर कचरा कलेक्शन का मुद्दा रहा। यहां फ्लाई ओवर के निर्माण का श्रेय लेने को लेकर भाजपा और कांग्रेस के पार्षद आमने सामने आ गए। यहां जैसे ही अध्यक्ष रिंकुज विज ने फ्लाई ओवर की सौगात दिलाने का श्रेय मंत्री राकेश सिंह को दिया तो इसे सुनकर कांग्रेस पार्षदों ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि फ्लाई ओवर की नींव का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को जाता है।
उन्होंने कहा कि इस बात की पुष्टि खुद केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंच से की है। जिसके बाद भाजपा और कांग्रेस पार्षद एक दूसरे की बात को नकारने लगे।
नगर निगम परिसर स्थित पं. भवानी प्रसाद तिवारी सभा कक्ष में आज सुबह 11 बजे से साधारण सम्मिलन की बैठक आयोजित की गई। अपर आयुक्त व्ही.एन. बाजपेयी ने बैठक की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि एजेंडे में पेंशनर्स को महंगाई राहत, भूखण्ड आवंटन निरस्तीकरण, लीज नवीनीकरण, महापुरुषों के नाम पर मार्गों का नामकरण, फ्लाईओवर क्षतिपूर्ति राशि, सोलर पॉवर प्लांट और टर्मिनेशन ऑर्डर जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा तय की गई है।

कचरा कलेक्शन पर नारेबाजी

बैठक में कांग्रेस पार्षदों ने डोर टू डोर कचरा कलेक्शन और टैक्स वसूली को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि निगम कचरा कलेक्शन के नाम पर जमकर टैक्स वसूल रहा है लेकिन सफाई व्यवस्था जस की तस बनी हुई है। जिसके बाद माहौल गर्मा गया और कांग्रेस पार्षदों ने नारेबाजी शुरू कर दी।
कांगे्रस पार्षद नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा के नेतृत्व में धरने पर बैठ गए। दूसरी ओर भाजपा पार्षदों ने विरोध के बीच सदन से वॉकआउट कर दिया। मामला गर्माता देख बैठ की कार्यवाही को रोक दिया गया। समाचार लिखे जाने तक विपक्षी पार्षद धरने पर डटे रहे। उनकी मांग थी कि सफाई एवं टैक्स कलेक्शन में हुई गड़बडिय़ों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

महापौर ने संभाला मोर्चा

फ्लाई ओवर का श्रेय लेने की बात को लेकर कांगे्रस और भाजपा पार्षद अपना अपना तर्क दे रहे थे। इसी बीच महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने मोर्चा संभाला और कहा कि फ्लाईओवर की धुरी में मैं बैठा हूं, इसलिए जितना इस विषय में मैं जानता हूं, शायद और कोई नहीं जानता। बैठक शुरु होने के करीब डेढ़ घंटे बाद भी यह तय नहीं हो पाया कि पहले अन्य विषय पर चर्चा हो या प्रस्तावों पर।

कांग्रेस को सिर्फ ठेकेदारों की चिंता-महापौर

बैठक  के दौरान महापौर ने कहा कि कांग्रेस पार्षदों के कहने से यह साबित नहीं होता कि शहर की जनता परेशान है। आंकड़े साफ बता रहे हैं कि प्रदेश के अन्य शहरों की तुलना में जबलपुर तेजी से तरक्की कर रहा है। महापौर ने कहा कि कांगे्रस पार्षदों को जनता की परेशानी से कोई लेनादेना नहीं हैं बल्कि वे ठेकेदारों की चिंता कर रहे हैं। महापौर ने कांग्रेस की उस माँग को सिरे से नकार दिया जिसमें उन्होंने प्रस्ताव पर चर्चा से पहले अन्य विषय पर चर्चा करने की बात रखी थी।

आवाज दबाने की कोशिश-अमरीश मिश्रा

नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने धरना देते हुए कहा कि कांगे्रस पार्षद दल इस बैठक मेंं सत्ता पक्ष के द्वारा जनता के हित में किए गए वादों पर चर्चा करने की कोशिश कर रहे थे लेकिन सत्ता पक्ष उनकी आवाज को दबाने की कोशिश कर रहा है। इससे जाहिर है कि सत्ता पक्ष को आम जनता के हितों को पूरा करने में खानापूर्ति कर रहा है।

विपक्ष अपने मुद्दों पर अड़ा-महापौर

महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि यह बैठक जनता के मुद्दों के लिए बुलाइ गई है लेकिन कांग्रेस पार्षद अपने मुद्दे लेकर धरने पर बैठ गए। आज दस मामले रखे जाने हैं जिसमें एक मामला ऐसा है, जिस पर निर्णय लेने के बाद उसे अदालत में पेश किया जाना है। लेकिन कांगे्रस पार्षद महत्वपूर्ण विषयों को सुनने की बजाय अपने मुद्दों पर बात करने पर अड़ा हुआ है। महापौर ने कहा कि पहले बैठक में उन विषयों पर चर्चा की जाए जिसके लिए बैठक आयोजित की गई है उसके बाद कांगे्रस को भी अपने विषय रखने का अवसर मिलेगा। विपक्ष ने धरना दे दिया। इससे जाहिर हो रहा है कि विपक्ष किसी न किसी बात पर यह सोच रहा है कि शहर विकास पर कहीं न कहीं चूक हो जाए।

 

 

तेवर के विस्थापन स्थल पर स्थिति सुधारने आयुक्त ने दिए निर्देश,जल्द होगा दूसरा दौरा

 

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » राजनीति » साधारण सभा की बैठक में कांग्रेस पार्षदों ने दिया धरना, फ्लाई ओवर निर्माण का श्रेय और कचरा कलेक्शन पर आमने सामने आए भाजपा-कांग्रेस पार्षद