
जबलपुर (जयलोक)। साल के पहले दिन शहर का माहौल खुशनुमा नजर आ रहा है। धार्मिक स्थल, पर्यटन और गार्डन पार्क आज सभी जगहों पर चहल पहल नजर आ रही है। आज के दिन के लिए कई दिनों से ही तैयारी की जा रही थी। नए साल की पहली किरण के साथ ही लोगों ने एक दूसरे को नववर्ष की बधाई दी। वहीं बड़ों का आशीर्वाद लिया। दोपहर 12 बजे तक सभी अपने अपने घरों से पिकनिक मनाने निकले।
हालांकि इस दौरान शहर की सडक़ों पर भी जाम के हालात नजर आए। लेकिन नए साल का उत्साह सभी बाधाओं को दूर कर अपनों के साथ कुछ समय बिताने के लिए लोगों को उत्साहित कर रहा था।

सुबह उठते ही धार्मिक कार्यक्रमों में लीन रहे युवा
नए साल की नई सुबह के साथ ही शहरवासी धार्मिक कार्यों में लिप्त नजर आए। सुबह की शुरूआत में ही मंदिरों, धार्मिक स्थलों में भगवान का आशीर्वाद लेने पहुँचे। कहीं घरों में ही पूजन अर्चन किया गया तो कहीं मंदिरों में दर्शन करने के लिए भक्त पहुँचे। लोगों का कहना है कि साल की शुरूआत धार्मिक कार्य से शुरू होना शुभ माना जाता है।

सुरक्षा के लिए पाइंट बनाए गए
नागरिकों की सुरक्षा के लिए चैकिंग पाइंट बनाए गए जहां पुलिस बल तैनात है। जिला पुलिस बल के जवान, विशेष सशस्त्र बल, होमगार्ड, नगर एवं ग्राम रक्षा समिति सदस्य सुरक्षा में तैनात किए गए। सडक़ों पर संदिग्ध हालत में घूमते मिले लोगों की पहचान संबंधी जानकारी दर्ज होने के बाद ही पुलिस ने आगे जाने दिया। गली मोहल्लों में भी पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टियां भ्रमण करती रही।

पर्यटन स्थलों पर भीड़
भेड़ाघाट सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग नए साल का स्वागत करने पहुंच रहे हैं। गौरीघाट, तिलवारा, त्रिपुर सुंदरी मंदिर, पाटबाबा सहित शहर के धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। जिसका नजारा शहर की सडक़ों पर सुबह 11 बजे से ही देखने को मिल गया था। विश्व प्रसिद्ध भेड़ाघाट का नजारा देखने के लिए ना सिर्फ शहर बल्कि आसपास के जिलों और अन्य प्रदेशों से भी पर्यटन शहर आए हैं। जिससे आज शहर में काफी भीड़भाड़ देखने को मिल रही है। भेड़ाघाट, मदन महल किला, ग्वारीघाट, तिलवारा घाट, बरगी बांध, चौसठ योगिनी मंदिर, कचनार सिटी, डुमना नेचर रिजर्व पार्क, पाटबाबा, सहित अन्य स्थलों पर आज भीड़ देखने को मिल रही है।
रात 12 बजते ही हुई आतिशबाजी
साल के अंतिम दिन और नए साल के स्वागत के लिए होटलों, क्लबों और रेस्टारेंंट में पार्टियाँ आयोजित की गईं थीं। जिसमें देर रात तक जाम झलके तो वहीं रात 12 बजते ही शहर में जगह जगह आतिशबाजी हुई। गले मिलकर नए साल की शुभमकानाएं दी। तो वहीं सुबह से ही मोबाईल फोनों की घंटियाँ बज उठीं।
हुड़दंगियों पर कार्रवाई
पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने वालों पर सख्ती बरती, जिससे कुछ लोगों को रात थाने में बितानी पड़ी। वहीं आज भी पुलिस शरारती तत्वों और शहर के माहौल को बिगाडऩे वालों पर नजर बनाए हुए हैं।
कलेक्टर और एसपी ने देखी व्यवस्था
नव वर्ष की पूर्व संध्या पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में इस उद्देश्य से कि कहीं कोई घटना, दुर्घटना न हो तथा नव वर्ष का आगमन खुशहाल माहैाल में हो के उद्देश्य से चाक चौबंद व्यवस्था लगाई गई थी। रात्रि में कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लगायी गयी चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर जायजा लिया एवं स्वयं ने भी वाहन चालकों को रोककर अपने समक्ष ब्रीथ एनालाइजर से परीक्षण कराया। कल रात से आज सुबह तक शराब पीकर वाहन चलाने वाले 32 वाहन चालकों के विरूद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुये प्रकरण न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किये जा रहे हैं।
Author: Jai Lok







