
जबलपुर (जयलोक)। सिंधी विद्या समिति स्कूल के अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री सोनू बचवानी ने बताया कि शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सिंधी विद्या समिति स्कूल में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार कन्या पूजन, कन्या भोजन एवं भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति द्वारकाधीश बंसल एवं जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन ने कन्या पूजन कर बच्चों को अपना आशीर्वाद प्रदान किया।न्यायमूर्ति द्वारकाधीश बंसल का विद्यालय के विद्यार्थियों के प्रति विशेष स्नेह एवं आत्मीयता रही। श्री बंसल ने कन्याओं से आशीर्वाद प्राप्त किया। बच्चों के प्रति इसी स्नेह और उनके उज्ज्वल भविष्य की चिंता के कारण वे अपने अत्यंत व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद विद्यालय पहुंचे। उनकी उपस्थिति से बच्चों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली। विद्यालय के अध्यक्ष एवं भाजपा जिला महामंत्री सोनू बचवानी ने बताया कि सिंधी विद्या समिति स्कूल में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को नाममात्र की फीस पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है। विद्यालय का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। इस अवसर पर संदीप जैन ने भी कन्या पूजन कर भारतीय संस्कृति में नारी सम्मान के महत्व पर प्रकाश डाला तथा जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के विद्यालय के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर संदीप जैन, भाजपा जिला महामंत्री सोनू बचवानी, भारत मंगलानी, प्रिंसिपल श्रीमती धारा कश्यप, वाइस प्रिंसिपल सुश्री अंकिता विश्वकर्मा एवं विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षिकाएं उपस्थित थे।





