Download Our App

Home » अपराध » सिर पर गोली लगने से युवक की मौत दो युवकों के विवाद में तीसरे को लगी गोली, घमापुर का मामला

सिर पर गोली लगने से युवक की मौत दो युवकों के विवाद में तीसरे को लगी गोली, घमापुर का मामला

जबलपुर (जयलोक)
देर रात घमापुर क्षेत्र में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। खास बात यह है कि युवक का किसी से कोई विवाद नहीं था। बल्कि विवाद दो युवकों के बीच चल रहा था। दोनों युवकों ने एक दूसरे पर पथराव किया इसके बाद एक ने गोली चला दी। लेकिन यह गोली पास से ही गुजर रहे मोटर साइकिल सवार युवक के सिर पर जा लगी। जिससे उसकी मौत हो गई। देर रात 1 बजे हुई इस घटना में मृतक के दोस्त उसे अस्पताल लेकर पहुँचे जहाँ पता चला कि युवक को गोली लगी है।
मामला घमापुर के नवीन दुर्गा मंदिर के पास का है, जहाँ राकेश गोटिया अपने दोस्तों के साथ मोटर साइकिल से घर लौट रहा था। रात एक बजे जैसे ही उनकी मोटर साइकिल नवीन दुर्गा मंदिर के पास पहुँची तभी उनकी मोटर साइकिल पर पथराव होने लगा। पथराव में मृतक के दो साथियों को भी चोटें पहुँची। तभी एक गोली राकेश के सिर पर आकर लगी। जिससे तीनों मोटर साइकिल से गिर गए। उन्होंने आसपास देखा तो दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। घटना के बाद सन्नी और शुभम अपने साथी राकेश को इलाज के लिए अस्पताल ले गए जहाँ उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही घमापुर थाना प्रभारी सतीश अंधवान स्टॉफ सहित पहुँचे और जाँच शुरू कर दी। मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि राकेश अपने दोस्तों के साथ गौरीघाट स्थित ससुराल में किसी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रात 1 बजे तीनों घर लौट रहे थे। आखिरी बार रात 11 बजे परिवार वालों की राकेश से फोन पर बात भी हुई थी।
दोस्तों को लेकर सडक़ हादसे में हुई मौत
गोली लगने से मोटर साइकिल से गिरे तीनों दोस्तों में से राकेश की मौत हो गई। लेकिन उसके दोस्तों को लगा कि सडक़ हादसे में राकेश की मौत हुई है। जब राकेश को लेकर अस्पताल पहुंचे तब पता चला कि उसके सिर पर गोली लगी है।
यश, अनमोन और करण, शिवा का हुआ था विवाद
पुलिस को जाँच में पता चला है कि जिस रास्ते से राकेश और उसके दोस्त गुजर रहे थे वहाँ पर यश, अनमोल करण और शिवा के साथ विवाद हो रहा था। दोनों पक्ष बीच सडक़ पर एक दूसरे पर पथराव कर रहे थे। इसी बीच यश के हाथों में पिस्तौल भी देखी गई। मोटर साइकिल राकेश चला रहा था विवाद के दौरान उसने किनारे से मोटर साइकिल निकाली तो उन पर भी पथराव किया गया। इसी बीच एक गोली राकेश के सिर पर आकर लगी और तीनों मोटर साइकिल से गिर गए। पुलिस ने चारों युवकों के खिलाफ बीच सडक़ पर पथराव और गोली चलाने पर हत्या और बलवा का मामला दर्ज किया है। आरोपियों को पकडऩे के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं।

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » अपराध » सिर पर गोली लगने से युवक की मौत दो युवकों के विवाद में तीसरे को लगी गोली, घमापुर का मामला