Download Our App

Home » नरसिंहपुर » 12 कि.मी. पैदल चलकर कलेक्टर पहुंची आदिवासियों के गाँव

12 कि.मी. पैदल चलकर कलेक्टर पहुंची आदिवासियों के गाँव

आगामी सप्ताह में बड़ागाँव तक पहुँच मार्ग का निर्माण कार्य होगा प्रारंभ
स्वलंबी बने आदिवासी महिलएँ : कलेक्टर रजनी सिंह

नरसिंहपुर (जय लोक)। जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर दुर्गम पहाड़ी पर स्थित जनपद पंचायत चीचली की ग्राम पंचायत मोहपानी के आदिवासी बाहुल्य ग्राम बड़ागांव में शनिवार को जनसंवाद शिविर का आयोजन किया गया। इस गांव में मुख्य रूप से भारिया जनजाति के नागरिक निवास करते हैं। शिविर का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना तथा उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। दुर्गम मार्ग होने के कारण कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह नागेश सहित अन्य अधिकारी 12 किमी दूरी पहाड़ों पर पैदल चलकर भारिया जनजातीय बाहुल्य ग्राम बड़ागांव पहुंचे और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।
शिविर में कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि गांव तक पहुंच मार्ग की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। इस दौरान संबंधित अधिकारी ने अवगत कराया कि आगामी सप्ताह में बड़ागांव तक पहुंच मार्ग के निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए महिलाओं को स्वसहायता समूह बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वसहायता समूहों के माध्यम से आटा चक्की, मुर्गी पालन, बकरी पालन सहित विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जुडक़र महिलाएं अपनी आय बढ़ा सकती हैं। इसके लिए उन्हें प्रशिक्षण तथा स्वरोजगार के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने आगामी 19 मार्च से प्रारंभ होने वाले जल गंगा संवर्धन अभियान के संबंध में ग्रामीणों को जल संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया। कलेक्टर ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से जल संरक्षण करने पर गांव में पानी की समस्या का स्थायी समाधान संभव होगा। कलेक्टर ने शिविर में हर घर जल मिशन, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग के पोषण कार्यक्रम, आंगनवाड़ी सेवाएं, स्कूल शिक्षा विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना, वाटरशेड एवं जल संरक्षण आदि योजनाओं, कार्यक्रमों व गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने दी  योजनाओं की जानकारी
जनसंवाद शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कृषि विभाग के उप संचालक मोरिस नाथ ने किसानों को विभागीय योजनाओं एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया। उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. सुनील बृजपुरिया ने मुर्गी पालन, बकरी पालन, गौवंशीय पशुपालन सहित पशुपालन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। सीएचओ गोटीटोरिया सौम्या ब्रह्माण ने आयुष्मान कार्ड, गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, जननी सुरक्षा योजना, टीकाकरण अभियान सहित स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में अवगत कराया। साथ ही आधार, समग्र आईडी और जाति प्रमाण पत्र से संबंधित प्रक्रियाओं से भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया।

हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिलाओं, बुजुर्गों, नागरिकों और बच्चों का मौके पर ही स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सलाह और आवश्यक दवाईयां वितरित की गई।

कलेक्टर ने किया आँगनबाड़ी केन्द्र का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने ग्राम बड़ागांव के आँगनबाड़ी केन्द्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी में दर्ज बच्चों तथा कुपोषित बच्चों की जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर को अवगत कराया गया कि गांव में एक बच्चा कुपोषित पाया गया है। कलेक्टर ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक व सीएचओ को निर्देशित किया कि उक्त बच्चे के घर जाकर उसका स्वास्थ्य परीक्षण करें और आवश्यक कार्यवाही की जाए। इस दौरान कलेक्टर स्वयं सेम बच्चे के अभिभावक को समझाइश देने के उद्देश्य से उनके घर पहुंची। घर पहुंचकर कलेक्टर ने बच्चे के अभिभावक को समझाइश दी कि बच्चे को एनआरसी में भर्ती कराने से उसे उचित उपचार और पोषण मिल सकेगा तथा वह जल्द स्वस्थ हो जाएगा। कलेक्टर की इस समझाइश पर अभिभावक ने बच्चे को एनआरसी में भर्ती कराने के लिए सहमति व्यक्त की।

कलेक्टर ने किया आवासों का किया अवलोकन
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने प्रधानमंत्री आवास-ग्रामीण और प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत ग्राम बड़ागांव में निर्मित एवं निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राही मोहन भारिया, शंकर भारिया एवं विनोद भारिया के आवासों का अवलोकन किया और निर्माण कार्य की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान हितग्राही मोहन भारिया का आवास निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।  कलेक्टर ने आवास का अवलोकन करते हुए निर्माण कार्य की सराहना की और हितग्राही से संवाद कर योजना के संबंध में जानकारी ली।

एक ही छत के नीचे लोक अदालत में हो रहा समाधान, नेशनल लोक अदालत में सालों से अटके प्रकरणों का हो रहा निराकरण

Jai Lok
Author: Jai Lok

RELATED LATEST NEWS

Home » नरसिंहपुर » 12 कि.मी. पैदल चलकर कलेक्टर पहुंची आदिवासियों के गाँव