
पैदल रोड शो में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
जबलपुर, (जयलोक)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 2 नवंबर को जबलपुर में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान के तहत पैदल रोड शो करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री का पैदल रोड शो गोलबाजार से शुरू होकर फुहारा, घंटाघर और तुलाराम चौक होते हुए मालवीय चौक पर समाप्त होगा। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात को सुचारू बनाए रखना प्रशासन के सामने प्रमुख चुनौती होगी।
इसी सिलसिले में बुधवार शाम कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय और नगर निगम आयुक्त अग्रिम कुमार ने गोलबाजार सहित पैदल रोड शो के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर रहेगा जोर- मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन का जोर पूरे मार्ग पर सुरक्षा, साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि रोड शो के दौरान आम नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। कार्यक्रम के मद्देनजर जरूरत के अनुसार यातायात डायवर्जन और अन्य व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।

आजम खां और बेटे अब्दुल्ला को दो पैन कार्ड मामले में मिली जमानत




